एसीसी सीमेंट उत्पादन क्षमता का संतुलित ढंग से विस्तार जारी रखेगीः करण अदाणी

एसीसी सीमेंट उत्पादन क्षमता का संतुलित ढंग से विस्तार जारी रखेगीः करण अदाणी

एसीसी सीमेंट उत्पादन क्षमता का संतुलित ढंग से विस्तार जारी रखेगीः करण अदाणी
Modified Date: June 17, 2026 / 07:04 pm IST
Published Date: June 17, 2026 7:04 pm IST

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) सीमेंट उत्पादक एसीसी लिमिटेड के चेयरमैन करण अदाणी ने कहा है कि कंपनी उत्पादन क्षमता का संतुलित ढंग से विस्तार जारी रखने के साथ रेडी-मिक्स कंक्रीट (आरएमसी) कारोबार को मजबूत करने और कम उत्सर्जन वाली प्रौद्योगिकियों को अपनाने पर जोर देगी।

करण अदाणी ने कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट में शेयरधारकों को दिए संदेश में कहा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था का दीर्घकालिक परिदृश्य मजबूत बना हुआ है, लेकिन निकट अवधि में ‘मध्यम’ मांग रहने की संभावना को देखते हुए संतुलित एवं अनुशासित वृद्धि रणनीति की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा, “हम सीमेंट क्षमता का विस्तार संतुलित तरीके से जारी रखेंगे, रेडी-मिक्स कंक्रीट की पहुंच बढ़ाएंगे, लॉजिस्टिक नेटवर्क में एकीकरण को मजबूत करेंगे और कम कार्बन उत्सर्जन वाली प्रौद्योगिकियों को तेजी से अपनाएंगे।”

उन्होंने कहा कि भारत अब भी सीमेंट खपत के शुरुआती चरण में है और इसकी प्रति व्यक्ति खपत वैश्विक औसत से कम होने से इस क्षेत्र में दीर्घकालिक वृद्धि की पर्याप्त संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकारी पूंजीगत व्यय बढ़कर 12 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है, जो सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का करीब 4.4 प्रतिशत है। देश में शहरी आवास, लॉजिस्टिक नेटवर्क, नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता और औद्योगिक ढांचे का विस्तार हो रहा है।’’

अदाणी ने कहा कि वृद्धि के इन कारकों के चलते निर्माण सामग्री से जुड़ी कंपनियों को पारंपरिक जिंस आपूर्तिकर्ता से आगे बढ़कर एकीकृत समाधान प्रदाता के रूप में विकसित होना होगा।

उन्होंने कहा कि एसीसी और अदाणी समूह का सीमेंट कारोबार अब एक समन्वित औद्योगिक नेटवर्क के रूप में कार्य कर रहा है, जिसमें ऊर्जा, लॉजिस्टिक, बुनियादी ढांचा और डिजिटल क्षमताओं का एकीकरण शामिल है।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में