अमरावती, 20 मई (भाषा) आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य के स्वच्छ ऊर्जा और भंडारण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के प्रयासों के तहत वाईएसआर कडप्पा जिले में 2,250 मेगावाट की पंप स्टोरेज परियोजना का आवंटन अदाणी हाइड्रो एनर्जी इलेवन लि. को करने की मंजूरी दे दी है।
राज्य सरकार एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति 2024 के तहत बड़े पैमाने पर नवीकरणीय ऊर्जा, पंप स्टोरेज (जल विद्युत) और हरित औद्योगिक परियोजनाओं को बढ़ावा दे रही है। इसका मकसद आंध्र प्रदेश को स्वच्छ ऊर्जा निवेश के एक प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
ऊर्जा विभाग के मंगलवार को जारी आदेश में कहा गया, ‘‘आंध्र प्रदेश सरकार ने एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति 2024 के तहत वाईएसआर कडप्पा जिले में 2,250 मेगावाट की गंडीकोटा-2 पंप स्टोरेज परियोजना (पीएसपी) का आवंटन अदाणी हाइड्रो एनर्जी इलेवन लि. को करने की मंजूरी दे दी है।’’
आदेश के अनुसार, राज्य निवेश संवर्धन समिति की सिफारिशों के बाद मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की अध्यक्षता वाले राज्य निवेश संवर्धन बोर्ड (एसआईपीबी) ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी।
यह परियोजना कडप्पा जिले के लॉर्ड बालाजी डोंथी कोना पीएसपी पार्क में स्थापित की जाएगी। यह संभवत: देश की सबसे बड़ी पंप स्टोरेज परियोजनाओं में से एक होगी।
यह परियोजना आंध्र प्रदेश एकीकृत स्वच्छ ऊर्जा नीति 2024 के तहत प्रोत्साहन के लिए पात्र होगी, जिसका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 10 लाख करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करना और लगभग 7.5 लाख रोजगार सृजित करना है।
आदेश में कहा गया है कि आंध्र प्रदेश ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लि. (एपीटीआरएएनसीओ) परियोजना से निकटतम केंद्रीय पारेषण उपयोगिता सब-स्टेशन तक बिजली की निकासी की सुविधा प्रदान करेगी, जबकि कंपनी आवश्यक निकासी बुनियादी ढांचे का विकास करेगी।
सरकारी आदेश के अनुसार, परियोजना को 72 महीनों के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। इस संयंत्र से उत्पन्न बिजली की आपूर्ति राज्य के भीतर या बाहर की जा सकती है।
भाषा रमण अजय
अजय