(Reliance Jio IPO News/ Image Credit: AI-generated)
नई दिल्ली: Reliance Jio IPO News: Jio प्लेटफॉर्म्स ने अपने प्रस्तावित IPO से पहले नेतृत्व में बड़ा बदलाव किया है। कंपनी ने किरण थॉमस की जगह पंकज पवार को नया चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) नियुक्त किया है। यह जानकारी कंपनी द्वारा SEBI के पास जमा किए गए IPO ड्राफ्ट डॉक्यूमेंट में सामने आई है। कंपनी ने जून में IPO से जुड़े जरूरी दस्तावेज बाजार नियामक को सौंपे थे। दस्तावेजों के अनुसार, किरण थॉमस ने 23 मार्च को सीईओ पद से इस्तीफा दिया था और इसके अगले दिन यानी 24 मार्च को पंकज पवार ने जिम्मेदारी संभाल ली।
पंकज पवार फिलहाल रिलायंस जियो इन्फोकॉम लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं। कंपनी के दस्तावेज के अनुसार, 53 वर्षीय पंकज पवार साल 2000 से रिलायंस ग्रुप के साथ जुड़े हुए हैं। उन्हें कंज्यूमर बिजनेस और डिजिटल सर्विस सेक्टर में करीब तीन दशक का अनुभव है। उन्होंने रिलायंस के बड़े डिजिटल और ग्राहक केंद्रित कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। माना जा रहा है कि IPO से पहले कंपनी ने अनुभवी नेतृत्व को मजबूत करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया है।
किरण थॉमस इससे पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज में प्रेसिडेंट पद पर रह चुके हैं। जियो की डिजिटल सर्विस यूनिट शुरू होने के बाद वह कंपनी की कई प्रमुख प्रस्तुतियों और AGM में नजर आते रहे हैं। हालांकि, IPO ड्राफ्ट में उन्हें Jio Platforms के मुख्य प्रबंधन अधिकारियों की सूची में शामिल नहीं किया गया है। इस बदलाव को लेकर कंपनी की ओर से अभी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
Jio प्लेटफॉर्म्स IPO के जरिए करीब 4 अरब डॉलर यानी लगभग 37,700 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही है। IPO के बाद भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी कंपनी के बोर्ड में चेयरमैन और नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के रूप में बने रहेंगे। मनोज हरजीवन दास मोदी Jio प्लेटफॉर्म्स के नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर होंगे। वहीं, आकाश अंबानी मैनेजिंग डायरेक्टर की भूमिका संभालेंगे। ईशा अंबानी और अनंत अंबानी नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के तौर पर बोर्ड में शामिल होंगे। Jio Platforms का यह IPO रिलायंस समूह की सबसे बड़ी बाजार योजनाओं में से एक माना जा रहा है।