अदाणी समूह और जैबिल ने बनाई देश में एआई डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना
अदाणी समूह और जैबिल ने बनाई देश में एआई डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना
नयी दिल्ली, 15 जून (भाषा) अदाणी समूह और जैबिल इंक ने भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) और डेटा सेंटर अवसंरचना के एकीकृत विनिर्माण मंच स्थापित करने के मकसद से एक रणनीतिक साझेदारी की सोमवार को घोषणा की। इसका मकसद घरेलू और वैश्विक बाजारों के लिए एआई-तैयार हार्डवेयर का बड़े पैमाने पर उत्पादन करना है।
कंपनियों ने कहा कि प्रस्तावित गठबंधन में जैबिल की इंजीनियरिंग और उन्नत विनिर्माण क्षमताओं को अदाणी समूह के अवसंरचना, हरित ऊर्जा, लॉजिस्टिक और डेटा सेंटर परिसंपत्तियों के साथ जोड़ा जाएगा, ताकि एआई डेटा सेंटर अवसंरचना की बढ़ती मांग को पूरा किया जा सके।
इस गठबंधन के तहत भारत में उच्च घनत्व एआई रैक, सर्वर, स्टोरेज और नेटवर्किंग प्रणाली के लिए बहु-गीगावाट विनिर्माण क्षमता विकसित करने की योजना है। यह मंच पावर डिस्ट्रिब्यूशन यूनिट (पीडीयू), कूलेंट डिस्ट्रिब्यूशन यूनिट (सीडीयू), ट्रांसफॉर्मर, स्विचगियर, बस बार और थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम जैसे प्रमुख सहायक अवसंरचना घटकों का भी निर्माण करेगा।
कंपनियों ने कहा कि इस पहल का लक्ष्य अगले सात वर्षों में एआई कंप्यूटिंग अवसंरचना में तीन हजार अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के वैश्विक बाजार अवसर को हासिल करना है। फिलहाल दोनों पक्ष साझेदारी के लिए परिचालन ढांचे और औपचारिक दस्तावेजों पर कार्य कर रहे हैं।
अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी ने कहा, ‘‘जैबिल के साथ हमारी साझेदारी भारत के पूर्ण एआई अवसंरचना ‘स्टैक’ के निर्माण की दिशा में एक निर्णायक कदम है, जिसमें हरित ऊर्जा उत्पादन से लेकर विश्वस्तरीय हार्डवेयर निर्माण तक शामिल हैं।’’
जैबिल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) माइक डैस्टूर ने कहा कि यह सहयोग एआई परिवेश में बड़े पैमाने पर समाधान उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


