मोतीलाल नगर परियोजना में अदाणी समूह को मिलेगा 17 लाख वर्ग मीटर बिक्री क्षेत्रः म्हाडा सीईओ
मोतीलाल नगर परियोजना में अदाणी समूह को मिलेगा 17 लाख वर्ग मीटर बिक्री क्षेत्रः म्हाडा सीईओ
मुंबई, 17 अप्रैल (भाषा) उद्योगपति गौतम अदाणी की अगुवाई वाले अदाणी समूह को मुंबई स्थित मोतीलाल नगर पुनर्विकास परियोजना में बिक्री के लिए करीब 17 लाख वर्ग मीटर क्षेत्र मिलेगा। समूह इस परियोजना में एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की योजना बना रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
महाराष्ट्र आवास एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (म्हाडा) के उपाध्यक्ष एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) संजय जायसवाल ने कहा कि 143 एकड़ में फैली इस परियोजना से कुल 28 लाख वर्ग मीटर निर्मित क्षेत्र विकसित किया जा सकता है। इसमें से 10.5 लाख वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र वहां के मूल निवासियों एवं म्हाडा को दिया जाएगा।
जायसवाल ने कहा कि अदाणी समूह की निर्माण एवं विकास कंपनी एस्टेटव्यू डेवलपर्स को मोतीलाल नगर में करीब 17 लाख वर्ग मीटर (करीब 1.82 करोड़ वर्ग फुट) क्षेत्र मिलेगा जिसकी वह खुले बाजार में बिक्री कर सकेगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना में 10-15 वर्षों के भीतर कुल निवेश करीब एक लाख करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है।
अदाणी समूह पिछले वर्ष इस परियोजना के लिए सफल बोलीदाता बनकर उभरा था। यह परियोजना मुआवजा एवं विकास समझौता (सीएंडडीए) मॉडल के तहत लागू की जा रही है।
परियोजना के तहत करीब 5,000 मौजूदा आवासीय, वाणिज्यिक एवं झुग्गी इकाइयों का पुनर्वास सात वर्षों में करने का लक्ष्य रखा गया है। हरेक आवासीय इकाई के मालिक को 1,600 वर्ग फुट और वाणिज्यिक इकाई धारक को 957 वर्ग फुट का निर्मित क्षेत्र मिलेगा।
इस पुनर्विकास के बाद इस क्षेत्र में रहने वाले परिवारों की संख्या 5,000 से बढ़कर लगभग 25,000 तक पहुंच जाने का अनुमान है।
परियोजना को मिश्रित उपयोग के रूप में विकसित किया जाएगा, जिसमें आवासीय के साथ वाणिज्यिक, शैक्षणिक और आतिथ्य क्षेत्रों के लिए भी स्थान शामिल किया जा सकता है।
वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मुंबई में इस तरह की 11 अन्य पुनर्विकास परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जो 923 एकड़ क्षेत्र में फैली हैं और इनके क्रियान्वयन से पूरे शहर का स्वरूप बदल सकता है।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण

Facebook


