अदाणी इंफ्रा ने अदाणी ग्रीन एनर्जी में 2,380 करोड़ रुपये में 1.03 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

अदाणी इंफ्रा ने अदाणी ग्रीन एनर्जी में 2,380 करोड़ रुपये में 1.03 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी

अदाणी इंफ्रा ने अदाणी ग्रीन एनर्जी में 2,380 करोड़ रुपये में 1.03 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी
Modified Date: August 4, 2026 / 11:22 am IST
Published Date: August 4, 2026 11:22 am IST

नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) की प्रवर्तक समूह की कंपनी अदाणी इंफ्रा (इंडिया) लिमिटेड ने कंपनी में 2,380 करोड़ रुपये में 1.03 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है। एनएसई पर मौजूद सौदे के आंकड़ों से यह जानकारी मिली।

अदाणी इंफ्रा (इंडिया) लिमिटेड ने अदाणी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड (एजीईएल) के 1.7 करोड़ शेयर खरीदे जो कंपनी की 1.03 प्रतिशत हिस्सेदारी के बराबर है।

ये सौदे सोमवार को 1,400 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर किए गए। इस तरह कुल सौदे का आकार 2,380 करोड़ रुपये रहा।

आंकड़ों के अनुसार, विक्रेता एजीईएल की प्रवर्तक कंपनी आर्डर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड थी जिसने समान मूल्य पर इतनी ही संख्या में शेयर बेचे।

इस सौदे के बाद नवीकरणीय ऊर्जा कंपनी में अदाणी इंफ्रा की हिस्सेदारी बढ़कर 2.34 प्रतिशत हो गई, जो पहले 1.31 प्रतिशत थी। वहीं, आर्डर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग की हिस्सेदारी घटकर 4.01 प्रतिशत रह गई जो पहले 5.04 प्रतिशत थी।

बाजार से जुड़े लोगों ने कहा कि यह हिस्सेदारी प्रवर्तक समूह की दो कंपनियों के बीच स्थानांतरित हुई है। इसलिए कंपनी की कुल प्रवर्तक हिस्सेदारी में कोई बदलाव नहीं हुआ।

यह सौदा जून में हुए पिछले लेनदेन के दो महीने से भी कम समय बाद हुआ है। उस समय अदाणी इंफ्रा ने खुले बाजार से आर्डर इन्वेस्टमेंट होल्डिंग लिमिटेड से अदाणी ग्रीन एनर्जी के 2.15 करोड़ शेयर (1.31 प्रतिशत हिस्सेदारी) 3,246 करोड़ रुपये में खरीदे थे।

भाषा निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में