नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी अग्रशील इन्फ्राटेक प्राइवेट लि. ने लखनऊ में अपनी टाउनशिप परियोजना ‘आश्रयम’ के दूसरे चरण की शुरुआत की घोषणा की है। कंपनी इस चरण में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
कंपनी ने बयान में कहा कि ‘आश्रयम’ एकीकृत भूखंड आधारित टाउनशिप परियोजना का दूसरा चरण लगभग 11.25 एकड़ में फैला है। इसे लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) और उत्तर प्रदेश रेरा से मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत 190 रेरा-पंजीकृत आवासीय भूखंड बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं।
अग्रशील इन्फ्राटेक के अनुसार, ‘आश्रयम’ टाउनशिप में कुल लगभग 250 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इसमें दूसरे चरण में करीब 100 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। कंपनी इस निवेश का वित्त पोषण प्रवर्तकों की पूंजी और निर्माण प्रगति के आधार पर ग्राहकों से प्राप्त राशि से करेगी, जिसे रेरा के निर्धारित खाते में रखा जाएगा।
कंपनी ने बताया कि परियोजना का पहला चरण 23 एकड़ में विकसित किया गया था, जिसमें 276 आवासीय भूखंड थे। पहले चरण के सभी भूखंड बिक चुके हैं।
अग्रशील इन्फ्राटेक की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रेक्षा सिंह ने कहा “आश्रयम के पहले चरण को मिली प्रतिक्रिया ने परियोजना की सोच और लखनऊ में संगठित भूखंड आधारित विकास की बढ़ती मांग को लेकर हमारे भरोसे को और मजबूत किया है। दूसरा चरण इसी यात्रा का स्वाभाविक विस्तार है…।’’
दूसरे चरण में लगभग 86 वर्ग मीटर से 200 वर्ग मीटर तक के आवासीय भूखंड उपलब्ध होंगे। शुरुआती चरण में 108 से 200 वर्ग मीटर आकार के भूखंड बिक्री के लिए पेश किए गए हैं। इनकी कीमत लगभग 69 लाख रुपये से 1.05 करोड़ रुपये के बीच होगी।
भाषा योगेश रमण अजय
अजय