कृषि मंत्री चौहान ने हरित भविष्य के लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान का आह्वान किया
कृषि मंत्री चौहान ने हरित भविष्य के लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण अभियान का आह्वान किया
नयी दिल्ली, 12 जुलाई (भाषा) कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरित भविष्य के निर्माण के लिए देश में बड़े पैमाने पर पौधारोपण अभियान शुरू करने का रविवार को आह्वान किया है।
नयी दिल्ली स्थित पूसा परिसर में आयोजित ‘पर्यावरण संरक्षण संकल्प’ और ‘वृक्ष मित्र संवाद’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौहान ने कहा कि प्रत्येक परिवार को जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, बच्चों के जन्म और दिवंगत माता-पिता की स्मृति जैसे अवसरों पर पौधारोपण करना चाहिए। इससे हर व्यक्तिगत खुशी का अवसर ‘वृक्ष उत्सव’ में बदला जा सकता है।
उन्होंने प्रत्येक ‘वृक्ष मित्र’ से हर साल कम से कम एक पेड़ लगाने और पांच अन्य लोगों को इस अभियान से जोड़ने की अपील की।
चौहान ने कहा कि प्रतिभागी सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिबद्धता साझा करें, ताकि 12 अगस्त को ‘हरियाली अमावस्या’ तक देशभर में एक मजबूत नेटवर्क तैयार किया जा सके।
मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को एक संगठित जन अभियान का स्वरूप देने के लिए व्यापक कार्ययोजना भी जारी की। यह योजना वृक्ष मित्रों के साथ हुई बातचीत और उनके सुझावों के आधार पर तैयार की गई है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंत्री ने राष्ट्रीय, राज्य, जिला, खंड और ग्राम स्तर पर ‘वृक्ष मित्र परिवार’ समितियों के गठन का प्रस्ताव रखा, ताकि इस अभियान को संस्थागत ढांचा मिल सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, प्रधानमंत्री अवास योजना, लखपति दीदी योजना और कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं के तहत होने वाले कार्यक्रमों में पौधा रोपण को शामिल किए जाने की बात कही।
भाषा यासिर योगेश
योगेश

Facebook


