कृषि मंत्री ने ओलावृष्टि, भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया
कृषि मंत्री ने ओलावृष्टि, भारी बारिश से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया
नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को कई राज्यों में भारी बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का संज्ञान लेते हुए मंत्रालय के अधिकारियों को फसल के नुकसान की व्यापक समीक्षा करने और जमीनी स्तर की जानकारी जुटाने के लिए राज्य अधिकारियों के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया।
कृषि मंत्रालय ने बयान में कहा कि मंत्री ने संबंधित राज्य सरकारों से संपर्क कर नुकसान का आकलन तैयार करने को कहा है।
मंत्री बाद में प्रभावित राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेंगे।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने चेतावनी दी है कि सात अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे 10 अप्रैल तक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश, आंधी और ओलावृष्टि हो सकती है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं।
फसलों के नुकसान का मुख्य कारण ओलावृष्टि है। सात से आठ अप्रैल को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में तथा रविवार को पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


