चीनी अनुभव से भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड बनाने में जुटी एआई प्लस, 7,500 करोड़ रु. के कारोबार का लक्ष्य
चीनी अनुभव से भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड बनाने में जुटी एआई प्लस, 7,500 करोड़ रु. के कारोबार का लक्ष्य
नयी दिल्ली, 26 जुलाई (भाषा) स्मार्टफोन उद्योग में दो दशक से अधिक का अनुभव रखने वाले नेक्स्टक्वांटम शिफ्ट टेक्नोलॉजी के संस्थापक माधव सेठ भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड ‘एआई प्लस’ को वैश्विक कंपनियों के मुकाबले खड़ा करने की योजना पर काम कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चीन के स्मार्टफोन बाजार और आपूर्ति श्रृंखला से मिली सीख का इस्तेमाल वह भारत में एक मजबूत घरेलू ब्रांड बनाने में कर रहे हैं।
सेठ ने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा कि उनकी कंपनी ने सितंबर, 2025 में अपना पहला स्मार्टफोन बाजार में उतारा था। कंपनी ने अपने पहले ही वित्त वर्ष में 965 करोड़ रुपये का कारोबार किया।
उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष कंपनी का पहला पूर्ण परिचालन वर्ष होगा और इस दौरान कारोबार कई गुना बढ़कर 7,500 करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने की उम्मीद है।
नेक्स्टक्वांटम शिफ्ट टेक्नोलॉजी पूरी तरह भारतीय कंपनी है।
सेठ ने कहा कि रियलमी जैसे ब्रांड को चीनी बाजार में स्थापित करने के अनुभव और चीन की मजबूत आपूर्ति श्रृंखला से मिली सीख के आधार पर कंपनी भारत में अपना स्मार्टफोन ब्रांड खड़ा कर रही है।
उन्होंने इससे पहले ओप्पो और ऑनर जैसे स्मार्टफोन ब्रांड के साथ भी काम किया है।
सेठ ने कहा कि भारत में स्मार्टफोन बाजार की संभावनाएं बहुत बड़ी हैं। देश में स्मार्टफोन की मांग तेजी से बढ़ रही है, लेकिन अभी तक कोई भी भारतीय स्मार्टफोन ब्रांड वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान नहीं बना पाया है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत में कलपुर्जों का पूरा पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने के लिए जरूरी है कि यहां से कोई मजबूत भारतीय ब्रांड खड़ा हो। मौजूदा समय में इस क्षेत्र पर विदेशी कंपनियों का दबदबा है, जिससे घरेलू स्तर पर पुर्जों के निर्माण का विकास मुश्किल रहा है।’’
भाषा
योगेश अजय
अजय

Facebook


