एयर इंडिया ने अपने नए बेड़े के लिए व्यापक वित्तीय सौदा किया: सीईओ
एयर इंडिया ने अपने नए बेड़े के लिए व्यापक वित्तीय सौदा किया: सीईओ
नयी दिल्ली, नौ जून (भाषा) एयर इंडिया ने अपने विमानों के नए बेड़े के लिए बहुत कम समय में व्यापक वित्तीय सौदा किया है। कंपनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैम्पबेल विल्सन ने यह जानकारी दी है।
एयर इंडिया ने गत 14 फरवरी को 470 विमान खरीदने की ऐतिहासिक घोषणा की थी। इनमें 250 विमान एयरबस और 220 विमान बोइंग से खरीदा जाना है। इसके अलावा दो विमान निर्माताओं से अतिरिक्त 370 विमान खरीदने का भी विकल्प है।
एयर इंडिया ने 17 से ज्यादा वर्षों में पहली बार नए विमानों का ऑर्डर दिया है। एयर इंडिया का स्वामित्व पिछले वर्ष जनवरी में टाटा समूह ने सरकार से लिया था।
विल्सन ने शुक्रवार को एयरलाइन कर्मचारियों के लिए जारी साप्ताहिक संदेश में कहा कि वह ‘वाणिज्यिक, रणनीतिक खरीद, वित्त, राजस्व और कानूनी टीमों की नए बेड़े से संबंधित विशाल वित्तपोषण सौदे को उल्लेखनीय रूप से कम समय में सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए तारीफ करना चाहते हैं।… यह नए एयर इंडिया के लिए एक और ऐतिहासिक उपलब्धि है।’
हालांकि इस वित्तपोषण सौदे के संबंध में और जानकारी अभी नहीं दी गई है।
विल्सन ने पिछले महीने पीटीआई-भाषा से बातचीत में कहा था कि एयरलाइन में भारी मात्रा में निवेश किया जा रहा है। उन्होंने कहा था, “टाटा समूह ने 470 विमानों के लिए 70 अरब डॉलर का निवेश किया है।”
भाषा प्रेम अनुराग
प्रेम

Facebook


