एएलपीए इंडिया ने एयर इंडिया समूह में अनुभवी पायलटों के जाने पर जताई चिंता
एएलपीए इंडिया ने एयर इंडिया समूह में अनुभवी पायलटों के जाने पर जताई चिंता
नयी दिल्ली, एक सितंबर (भाषा) पायलट संगठन एएलपीए इंडिया ने एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस से अनुभवी पायलटों के जाने पर चिंता जताई है। संगठन ने कहा कि अनुभवी पायलट केवल कर्मचारियों की संख्या नहीं हैं, बल्कि उनके पास संचालन संबंधी अनुभव और संस्थागत ज्ञान होता है।
एयरलाइन पायलट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एएलपीए इंडिया) ने टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा को 31 अगस्त को भेजे पत्र में एयर इंडिया समूह में पायलट के नौकरी छोड़ने, वेतन एवं लाभ, रोस्टर व्यवस्था, थकान संबंधी आंकड़ों और अर्जित अवकाश समेत विभिन्न पहलुओं की स्वतंत्र समीक्षा कराने का सुझाव दिया।
संगठन ने कहा कि वेतन उम्मीदों के अनुरूप नहीं बढ़ने, लाभ में कमी तथा कामकाजी परिस्थितियों एवं जीवन की गुणवत्ता में गिरावट के कारण अनुभवी कमांडर और वरिष्ठ पायलट संगठन छोड़ रहे हैं।
एयर इंडिया समूह की एयरलाइंस में 5,000 से अधिक पायलट कार्यरत हैं।
एएलपीए इंडिया ने पायलटों को एयरबस और बोइंग विमानों के बीच स्थानांतरित किए जाने की रफ्तार पर भी चिंता जताई। उसने कहा कि ऐसे बदलाव के लिए पर्याप्त प्रशिक्षण और अनुभव हासिल करने का समय जरूरी है।
संगठन ने इस साल की तीन घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इनसे समूह की सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली, प्रशिक्षण व्यवस्था और कर्मचारियों से जुड़ी नीतियों की गहन समीक्षा की जरूरत सामने आती है। हालांकि, उसने कहा कि वह औपचारिक जांच के नतीजे आने से पहले इन घटनाओं के लिए पायलट को जिम्मेदार नहीं ठहरा रहा है।
एएलपीए इंडिया ने कहा कि सुरक्षा प्रबंधन प्रणाली को किसी घटना के बाद प्रतिक्रिया देने के बजाय संभावित जोखिमों की पहले पहचान करने और उन्हें रोकने में सक्षम होना चाहिए।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


