वैकल्पिक निवेश कोषों में 18 माह में 1.14 लाख करोड़ रुपये का घरेलू निवेशः रिपोर्ट

वैकल्पिक निवेश कोषों में 18 माह में 1.14 लाख करोड़ रुपये का घरेलू निवेशः रिपोर्ट

वैकल्पिक निवेश कोषों में 18 माह में 1.14 लाख करोड़ रुपये का घरेलू निवेशः रिपोर्ट
Modified Date: February 12, 2026 / 03:23 pm IST
Published Date: February 12, 2026 3:23 pm IST

नयी दिल्ली, 12 फरवरी (भाषा) घरेलू निवेशकों ने सितंबर, 2025 तक के 18 महीनों में ‘वैकल्पिक निवेश कोष’ (एआईएफ) में 1.14 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है, जो उद्योग के लिए स्थानीय पूंजी आधार में आई मजबूती को दर्शाता है। क्रिसिल की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है।

क्रिसिल लिमिटेड और ऑएस्टर ग्लोबल की संयुक्त रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2025 तक श्रेणी-1 और श्रेणी-2 एआईएफ पूंजी में घरेलू निवेशकों की हिस्सेदारी बढ़कर 55.3 प्रतिशत हो गई, जो मार्च, 2024 में 50.3 प्रतिशत थी। इस अवधि में 1.14 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश आया।

रिपोर्ट में कहा गया है कि यह रुझान उद्योग के अधिक आत्मनिर्भर और स्थानीय रूप से आधारित पूंजी ढांचे के निर्माण को दर्शाता है, जिससे विदेशी पूंजी पर निर्भरता घट रही है।

पहली, दूसरी और तीसरी श्रेणी के वैकल्पिक निवेश कोषों में सितंबर, 2025 तक कुल निवेश प्रतिबद्धताएं बढ़कर 15.05 लाख करोड़ रुपये हो गईं। वित्त वर्ष 2020-21 से वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही तक इस क्षेत्र में 30.7 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वृद्धि दर दर्ज की गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च, 2025 तक इक्विटी एआईएफ में से लगभग 80 प्रतिशत योजनाओं ने निवेशकों को रिटर्न दिया। करीब 25 प्रतिशत योजनाओं ने पूरी चुकता पूंजी लौटा दी, जबकि शीर्ष 25 प्रतिशत कोषों ने निवेशित पूंजी की तुलना में दोगुना से अधिक रिटर्न दिया।

वित्त वर्ष 2024-25 में 50 करोड़ रुपये से अधिक के सौदों की कुल लेनदेन मूल्य में 90 प्रतिशत हिस्सेदारी रही जो बड़े और सुशासित कारोबारों की ओर निवेशकों की प्राथमिकता को दर्शाता है।

क्रिसिल इंटेलिजेंस के वरिष्ठ निदेशक जीजू विद्याधरन ने कहा कि एआईएफ प्रबंधित उत्पाद श्रेणी में सबसे तेज वृद्धि वाले क्षेत्रों में से एक बन सकते हैं।

ऑएस्टर ग्लोबल के सह-संस्थापक संदीप सिन्हा ने कहा कि मार्च, 2025 तक के सात मानक चक्रों में गैर-सूचीबद्ध इक्विटी एआईएफ ने बीएसई सेंसेक्स टोटल रिटर्न इंडेक्स की तुलना में औसतन 8.69 प्रतिशत अतिरिक्त प्रतिफल दिया।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में