अमेजन इंडिया ने त्योहारी मांग पूरी करने के लिए सृजित किए रोजगार के 1.6 लाख से अधिक अवसर

अमेजन इंडिया ने त्योहारी मांग पूरी करने के लिए सृजित किए रोजगार के 1.6 लाख से अधिक अवसर

अमेजन इंडिया ने त्योहारी मांग पूरी करने के लिए सृजित किए रोजगार के 1.6 लाख से अधिक अवसर
Modified Date: September 2, 2026 / 04:56 pm IST
Published Date: September 2, 2026 4:56 pm IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) अमेजन इंडिया ने भारत में त्योहारों के मद्देनजर अपनी परिचालन प्रणाली में रोजगार के 1,60,000 से अधिक अवसर पैदा किए हैं। इससे उसके ई-कॉमर्स और फटाफट सामान की आपूर्ति (क्विक कॉमर्स) करने वाले कारोबार को समर्थन मिलेगा।

आमतौर पर त्योहारी मौसम से ई-कॉमर्स और क्विक कॉमर्स कारोबार को काफी बढ़ावा मिलता है। इससे उपभोक्ता खर्च, ऑर्डर की संख्या और लेनदेन मूल्य में वृद्धि होती है।

इलेक्ट्रॉनिक्स, फैशन, सौंदर्य उत्पादों, उपहार, किराना और घरेलू उत्पादों जैसी विभिन्न श्रेणियों में बढ़ती मांग के साथ त्योहारी पेशकश और सुविधा को लेकर बढ़ती प्राथमिकता के कारण पिछले कुछ वर्षों में ऑनलाइन गतिविधियों एवं खरीदारी में वृद्धि हुई है।

ई-कॉमर्स मंचों को जहां त्योहारी खरीदारी में अधिक मूल्य के ऑर्डर से फायदा होता है, वहीं क्विक कॉमर्स कंपनियां भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। इससे त्योहारी मांग डिजिटल वाणिज्य के समग्र परिवेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

अमेजन इंडिया ने बुधवार को बयान में कहा कि त्योहारों के मद्देनजर देशभर में 1,60,000 से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न किए हैं। इनमें भारत के 400 शहरों में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर शामिल हैं। इनमें बड़े महानगरों के साथ वाराणसी, कोच्चि, जालंधर, गाजियाबाद, रांची, सलेम, गोरखपुर और अन्य छोटे व मझोले शहर भी शामिल हैं।

कंपनी के अनुसार, अमेजन ने त्योहारी मौसम की तैयारी के लिए इनमें से ज्यादातर कर्मचारियों को पहले ही काम पर रख लिया है और उन्हें जरूरी प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया है। नए कर्मचारी अमेजन की मौजूदा देशव्यापी परिचालन प्रणाली का हिस्सा बनेंगे और त्योहारी अवधि के दौरान बढ़ती मांग को पूरा करने में ग्राहकों के ऑर्डर को चुनने, पैक करने, भेजने और पहुंचाने में मदद करेंगे।

अमेजन के भारत, एशिया-प्रशांत, पश्चिम एशिया, अफ्रीका और तुर्किये में परिचालन उपाध्यक्ष अभिनव सिंह ने कहा कि कंपनी ने ग्राहकों की मांग में संभावित वृद्धि को पूरा करने के लिए अपनी परिचालन प्रणाली में 1.6 लाख से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न किए हैं।

इसी तरह कई क्विक कॉमर्स मंचों ने त्योहारों से पहले अपने कार्यबल को बढ़ाया है। मीशो ने इसे अपनी क्षमता बढ़ाने और बढ़ती मांग की तैयारी का महत्वपूर्ण समय बताते हुए कहा था, ‘‘इस साल हमें 10 लाख से अधिक मौसमी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की उम्मीद है…’’

इसी तरह, एक ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत का ई-कॉमर्स क्षेत्र 2024 में 125 अरब डॉलर से बढ़कर 2030 तक करीब तीन गुना होकर 345 अरब डॉलर का हो सकता है। इसकी प्रमुख वजह क्विक कॉमर्स का तेजी से विस्तार और कृत्रिम मेधा (एआई) का बढ़ता इस्तेमाल है।

भाषा निहारिका अजय

अजय


लेखक के बारे में