आईसीआईसीआई बैंक ने एफसीएनआर जमा के जरिए 17.88 अरब डॉलर जुटाए

आईसीआईसीआई बैंक ने एफसीएनआर जमा के जरिए 17.88 अरब डॉलर जुटाए

आईसीआईसीआई बैंक ने एफसीएनआर जमा के जरिए 17.88 अरब डॉलर जुटाए
Modified Date: September 2, 2026 / 04:05 pm IST
Published Date: September 2, 2026 4:05 pm IST

नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) निजी क्षेत्र के आईसीआईसीआई बैंक ने 31 अगस्त तक विदेशी मुद्रा प्रवासी-बैंक (एफसीएनआर-बी) जमा के माध्यम से कुल 17.88 अरब डॉलर जुटाए हैं।

भारतीय रिजर्व बैंक ने वैश्विक बाजार में जारी अनिश्चितताओं के बीच देश के बाह्य क्षेत्र की स्थिति मजबूत करने और विदेशी मुद्रा की उपलब्धता बढ़ाने के प्रयासों के तहत जून में इस सुविधा की घोषणा की थी।

वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 21 अगस्त तक भारत को विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा के तहत 65.40 अरब डॉलर प्राप्त हुए थे।

इस सुविधा को मिली अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए आरबीआई ने इसे तय समय से पहले बंद कर दिया, जबकि इसे मूल रूप से 30 सितंबर, 2026 तक जारी रखने की घोषणा की गई थी।

बैंक ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि 31 अगस्त, 2026 तक रिजर्व बैंक की एफसीएनआर (बी) जमा के लिए अदला-बदली सुविधा के तहत आईसीआईसीआई बैंक ने कुल 17.88 अरब डॉलर जुटाए हैं।

बैंक ने बताया कि इन जमाओं के आधार पर उसकी अंतरराष्ट्रीय शाखाओं और अनुषंगियों ने नौ अरब डॉलर के ऋण दिए हैं। इसके अलावा, इन जमाओं के आधार पर दिए गए ऋण के संबंध में बैंक ने अन्य बैंकों को 3.63 अरब डॉलर का साख-पत्र भी जारी किया है।

एफसीएनआर (बी) योजना के तहत बैंकों ने विदेशी मुद्रा जमा जुटाने के लिए आकर्षक ब्याज दरों की पेशकश की थी।

एफसीएनआर (बी) जमा विदेशी मुद्रा में रखी जाने वाली सावधि जमा होती हैं। इसमें मूलधन तथा ब्याज, दोनों का भुगतान उसी विदेशी मुद्रा में किया जाता है जिसमें जमा राशि रखी गई होती है।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में