ऐपल पे ने एक्सिस बैंक के साथ मिलकर भारत में सेवा शुरू की
ऐपल पे ने एक्सिस बैंक के साथ मिलकर भारत में सेवा शुरू की
नयी दिल्ली, 30 सितंबर (भाषा) अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी ऐपल ने एक्सिस बैंक के साथ मिलकर ऐपल पे सेवा शुरू कर भारतीय भुगतान बाजार में प्रवेश किया है। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
ऐपल के उपयोगकर्ता आईफोन, आईपैड और ऐपल वॉच के जरिये इस सेवा का इस्तेमाल कर सकेंगे। मैक के लिए भी इसका समर्थन जल्द उपलब्ध होगा।
ऐपल पे और ऐपल वॉलेट की उपाध्यक्ष जेनिफर बेली ने कहा, ‘‘भारत एक गतिशील और डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल करने वाली आबादी वाला देश है, जो लगातार नकदी रहित भविष्य को अपना रही है। साथ ही सुरक्षा तथा गोपनीयता के उच्च मानकों की अपेक्षा करती है। हमें आज भारत में उपयोगकर्ताओं के लिए ऐपल पे लाने को लेकर बहुत उत्साह है।’’
कंपनी ने कहा कि ऐपल उपकरणों के उपयोगकर्ता दुकानों, ऐप तथा वेबसाइट पर भुगतान कर सकेंगे। इसके लिए भुगतान के समय पिन डालने या ओटीपी का इस्तेमाल करने की जरूरत नहीं होगी।
बयान में कहा गया, ‘‘एक्सिस बैंक द्वारा जारी वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड वाले ग्राहक अपने कार्ड ऐपल पे में जोड़ सकते हैं और भारत में हजारों दुकानों तथा ऑनलाइन कारोबारियों के यहां, साथ ही कहीं भी जहां एनएफसी लेनदेन स्वीकार किए जाते हैं, उनका इस्तेमाल कर सकते हैं।’’
ऐपल पे उपयोगकर्ता भुगतान करने के लिए अपने डेबिट या क्रेडिट कार्ड को ऐप में जोड़ सकते हैं।
बयान में कहा गया, ‘‘जब ग्राहक ऐपल पे के साथ कार्ड का इस्तेमाल करते हैं, तो कार्ड का वास्तविक नंबर न तो उपकरण में और न ही ऐपल के सर्वर पर रखा जाता है और न ही ऐपल इसे कारोबारी के साथ साझा करता है। इसके बजाय, एक विशिष्ट ‘डिवाइस अकाउंट नंबर’ दिया जाता है, जिसे एन्क्रिप्ट करके सिक्योर एलिमेंट में सुरक्षित रूप से रखा जाता है। यह उद्योग मानकों के अनुरूप प्रमाणित चिप है, जिसे उपकरण में भुगतान संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने के लिए तैयार किया गया है।’’
ऐपल लेनदेन का विवरण भी अपने पास नहीं रखता है।
यदि किसी उपयोगकर्ता का आईफोन खो जाता है या चोरी हो जाता है, तो वह ‘फाइंड माई’ ऐप का इस्तेमाल कर उस उपकरण का तुरंत पता लगा सकता है, उसे लॉक कर सकता है या उससे भुगतान की सुविधा निलंबित कर सकता है।
सेवा शुरू होने के साथ ही ऐपल पे को भारत में लाखों कारोबारियों के यहां स्वीकार किया जाएगा। इनमें ऐपल स्टोर के अलावा ब्लिंकिट, चायोस, कॉमेट, क्रोमा, इंटरफ्लोरा, इक्सिगो, ले15 पैटिसरी, रिलायंस ब्रांड्स, टाटा 1एमजी, जोमैटो और अन्य शामिल हैं।
ऐपल ने कहा कि उसने भारत में अपने कारोबारी नेटवर्क पर ऐपल पे उपलब्ध कराने के लिए कैशफ्री, जसपे, एमस्वाइप, पेटीएम, पेयू, पाइन लैब्स, रेजरपे, वर्ल्डलाइन और अन्य भुगतान सेवा प्रदाताओं (पीएसपी) के साथ मिलकर काम किया है। समय के साथ और अधिक कारोबारी तथा ऐप इससे जुड़ेंगे।
ऐपल पे फिलहाल 90 से अधिक देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध है तथा दुनियाभर में 11,000 से अधिक बैंक और नेटवर्क साझेदारों के साथ काम करता है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


