नयी दिल्ली, 17 सितंबर (भाषा) सेमीकंडक्टर उपकरण विनिर्माता कंपनी एप्लाइड मैटेरियल्स अगले 10 साल में भारत में पांच अरब डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है। इसका उद्देश्य भारत के हरित ऊर्जा परिवेश को गति देना और उसे वैश्विक मूल्य श्रृंखला से जोड़ना है।
‘सेमीकॉन इंडिया 2026’ में एप्लाइड मैटेरियल्स के अध्यक्ष (सेमीकंडक्टर प्रॉडक्ट ग्रूप) प्रभु राजा ने कहा कि कंपनी सेमीकंडक्टर इंजीनियरिंग क्षमता केंद्र स्थापित करने वाली शुरुआती कंपनियों में शामिल थी।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम ‘इंडिया विजन 2035’ की घोषणा कर रहे हैं। अगले दशक में भारत के हरित ऊर्जा परिवेश को गति देने और उसे वैश्विक मूल्य श्रृंखला से जोड़ने के लिए हम पांच अरब डॉलर का निवेश करेंगे।’’
राजा ने कहा कि इस कार्यक्रम के तीन प्रमुख स्तंभ- भारत में अपने अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) को बराबर करना, भारत में परिवेश को गति देना और भारत में भविष्य की प्रतिभाओं का विकास करना शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि 2035 तक एप्लाइड मैटेरियल्स का लक्ष्य भारत में स्थित अपनी आपूर्ति श्रृंखला की क्षमता को 10 गुना बढ़ाना है। इससे भारतीय आपूर्तिकर्ताओं के लिए अवसर पैदा होंगे और वैश्विक आपूर्तिकर्ताओं को भारत लाने में मदद मिलेगी।
भाषा निहारिका
निहारिका