बठिंडा, 21 सितंबर (भाषा) केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कहा कि जब तक नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, दुनिया की कोई भी ताकत पंजाब और देश के किसानों के हितों से समझौता नहीं कर सकती। उन्होंने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर जताई जा रही चिंताओं के बीच यह बात कही है।
विपक्षी दलों की आलोचना का जिक्र करते हुए चौहान ने कहा, ‘‘वे कई झूठी बातें फैलाते हैं। वे एफटीए के बारे में बात करते हैं और कहते हैं कि एफटीए से किसानों के हितों को नुकसान होगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं, भारत का कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कह रहा हूं कि जब तक नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री हैं, दुनिया की कोई भी ताकत पंजाब और देश के किसानों के हितों से समझौता नहीं कर सकती।’’
मंत्री ने कहा कि पंजाब और देश के किसानों के हित पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसान व खेती भी सुरक्षित रहेंगे।
चौहान ने कहा कि पंजाब की अपनी अगली यात्रा के दौरान वे खेती के लिए एक प्रारूप पर चर्चा करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब को बचाना है, पंजाब की खेती को भी बचाना है। पंजाब के किसानों को भी बचाना है। उद्योगों और व्यवसायों को पंजाब में वापस लाना है। पंजाब की शिक्षा व्यवस्था को ठीक करना होगा, पंजाब में रोजगार के मौके देने होंगे और पंजाब के युवाओं को नशे से आजाद करना होगा।’’
‘आप’ सरकार पर निशाना साधते हुए चौहान ने कहा कि उसने ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ लागू नहीं की है, अगर यह योजना लागू होती, तो फसल के नुकसान का पूरा मुआवजा मिलता।
चौहान तलवंडी साबो में थे, जहां उन्होंने सोमवार को भाजपा की राज्यव्यापी चौथी ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर पंजाब भाजपा के प्रमुख केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ और भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत सिंह बादल समेत अन्य नेता मौजूद थे।
पंजाब भाजपा अध्यक्ष ढिल्लों ने कहा कि भाजपा पंजाब से नशा खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है।
ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में जिसने भी अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई, आम आदमी पार्टी सरकार ने उसके साथ ‘दुश्मन’ जैसा बर्ताव किया।
भाजपा नेता मनप्रीत बादल ने कहा कि भाजपा तलवंडी साबो की पवित्र धरती से पंजाब में नशे के नेटवर्क को खत्म करने का संकल्प ले रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार हर मोर्चे पर ‘नाकाम’ रही है।
उन्होंने कहा कि अगर भाजपा सत्ता में आती है, तो पंजाब मुश्किलों से आजाद होगा और आर्थिक रूप से मजबूत बनेगा, अभी राज्य पर कर्ज का बोझ है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय