एशियाई बाजारों में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में फिर उछाल

Ads

एशियाई बाजारों में गिरावट, कच्चे तेल की कीमतों में फिर उछाल

  •  
  • Publish Date - March 26, 2026 / 11:50 AM IST,
    Updated On - March 26, 2026 / 11:50 AM IST

हांगकांग, 26 मार्च (एपी) ईरान युद्ध के टलने को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण बृहस्पतिवार को एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव की वजह से बाजार में यह अस्थिरता देखी जा रही है।

अमेरिकी वायदा बाजारों में भी 0.1 प्रतिशत की गिरावट देखी गई।

एशियाई बाजारों में जापान के ‘निक्केई’ में 0.3 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया के ‘कोस्पी’ में 1.9 प्रतिशत और हांगकांग के ‘हैंगसेंग’ में 1.4 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। चीन के ‘शंघाई कंपोजिट’ सूचकांक में भी 0.6 प्रतिशत की गिरावट रही।

ऑस्ट्रेलिया के ‘एसएंडपी/एएसएक्स 200’ सूचकांक में 0.2 प्रतिशत की मामूली गिरावट आई, जबकि ताइवान के ‘ताइएक्स’ में 0.4 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

कच्चे तेल के अंतरराष्ट्रीय मानक ‘ब्रेंट क्रूड’ की कीमत 1.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 98.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गई। वहीं, अमेरिकी बेंचमार्क कच्चा तेल भी 1.6 प्रतिशत चढ़कर 91.75 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। कीमतों में यह उछाल ईरान द्वारा अमेरिका के संघर्ष विराम प्रस्ताव को ठुकराने के बाद आया है।

ईरान और ओमान के बीच स्थित हॉर्मुज जलडमरूमध्य समुद्र का वह रास्ता है जहां से दुनिया का 20 प्रतिशत तेल गुजरता है। युद्ध के कारण यह मार्ग बंद होने से तेल की कीमतों में अब तक लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है।

दूसरी ओर, कीमती धातुओं के बाजार में नरमी देखी गई। सोने की कीमत 0.8 प्रतिशत गिरकर 4,513.90 डॉलर प्रति औंस पर आ गई। यहां एक औंस लगभग 28.3 ग्राम के बराबर एक माप होता है।

इसी तरह चांदी की कीमत में भी 0.9 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई और यह 71.97 डॉलर प्रति औंस पर आ गई।

एपी सुमित सुरभि

सुरभि