ऑरम प्रोपटेक ने दो वाणिज्यिक इमारतें 112 करोड़ रुपये बेची, एआई क्षमता बढ़ाने में करेगी निवेश

Ads

ऑरम प्रोपटेक ने दो वाणिज्यिक इमारतें 112 करोड़ रुपये बेची, एआई क्षमता बढ़ाने में करेगी निवेश

  •  
  • Publish Date - March 12, 2026 / 07:45 PM IST,
    Updated On - March 12, 2026 / 07:45 PM IST

नयी दिल्ली, 12 मार्च (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी ऑरम प्रॉपटेक लि. ने नवी मुंबई में दो वाणिज्यिक इमारतें 112 करोड़ रुपये में बेची हैं। कंपनी इस राशि का उपयोग कर्ज चुकाने और कृत्रिम मेधा (एआई) क्षमताओं को मजबूत करने के लिए करेगी।

ऑरम प्रॉपटेक ने बृहस्पतिवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि उसके निदेशक मंडल ने नवी मुंबई के मिलेनियम बिजनेस पार्क में स्थित अपनी इमारतों क्यू5 और क्यू6 की 112 करोड़ रुपये में बिक्री को मंजूरी दे दी है।

कंपनी ने कहा कि इन संपत्तियों का बुक वैल्यू 27 करोड़ रुपये है और इस सौदे से कंपनी को अच्छा मुनाफा होगा।

सौदा पूरा होने के बाद, ऑरम प्रॉपटेक ने कहा कि कंपनी कर्ज मुक्त होने के करीब है, क्योंकि बिक्री से प्राप्त राशि का इस्तेमाल 56 करोड़ रुपये के कर्ज (एलआरडी-पट्टा किराया ‘डिस्काउंटिंग’ सुविधा) को चुकाने के लिए किया जाएगा।

कंपनी ने कहा कि यह सौदा एआई-आधारित प्रॉपटेक मंच की ओर उसके व्यापक रणनीतिक बदलाव का हिस्सा है।

इस सौदे से प्राप्त राशि से एआई निवेश का बढ़ता दायरा और मजबूत होगा और रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए डिजिटल बुनियादी ढांचे के त्वरित विकास में सहायता मिलेगी।

ऑरम प्रॉपटेक के कार्यकारी निदेशक ओंकार शेट्ये ने कहा, ‘‘ऑरम की योजना अपने प्रमुख कारोबार किराया, वितरण और पूंजी में बडे पैमाने पर कृत्रिम मेधा के उपयोग करने की है। किराया आवास खंड में एआई की मदद से किरायेदार तलाशने की प्रक्रिया बेहतर होगी, गतिशील कीमत व्यवस्था लागू की जा सकेगी और संपत्ति प्रबंधन में सुधार आएगा। साथ ही पट्टे की प्रक्रिया पूरी तरह स्वचालित हो जाएगी।’’

भाषा रमण अजय

अजय