विदेश में पढ़े भारतीयों को नौकरी देकर ‘घर वापसी’ सुगम बनाएगा एक्सिस बैंक

विदेश में पढ़े भारतीयों को नौकरी देकर ‘घर वापसी’ सुगम बनाएगा एक्सिस बैंक

विदेश में पढ़े भारतीयों को नौकरी देकर ‘घर वापसी’ सुगम बनाएगा एक्सिस बैंक
Modified Date: September 7, 2026 / 09:51 pm IST
Published Date: September 7, 2026 9:51 pm IST

मुंबई, सात सितंबर (भाषा) विदेश में नौकरी पाने या वीजा का विस्तार कराने में भारतीय छात्रों को आ रही मुश्किलों के बीच एक्सिस बैंक ने सोमवार को ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी विभिन्न गतिविधियों के लिए नियुक्त करने को लेकर एक विशेष पहल की घोषणा की।

निजी क्षेत्र के बैंक ने आधिकारिक बयान में कहा कि ‘अराइज होमकमिंग’ पहल के तहत विदेश में पढ़ाई कर रहे, अपना पाठ्यक्रम पूरा कर चुके या करियर के शुरुआती दौर में मौजूद भारतीय प्रतिभाओं को नौकरी के अवसर दिए जाएंगे।

यह पहल ऐसे समय में की गई है जब कई देश, खासकर बड़ी संख्या में भारतीय प्रतिभाओं को आकर्षित करने वाला अमेरिका विदेशी नागरिकों की नियुक्ति को लेकर विभिन्न तरह की चुनौतियां खड़ी कर रहे हैं।

एक्सिस बैंक ने कहा कि 2025 में करीब 12.54 लाख भारतीय छात्र विभिन्न देशों के उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई कर रहे थे। यह वैश्विक अनुभव और विविध दृष्टिकोण रखने वाली प्रतिभाओं का एक बड़ा समूह है।

बैंक के मानव संसाधन विभाग के समूह प्रमुख राजकमल वेम्पति ने कहा, ‘‘हम वैश्विक स्तर पर शिक्षित भारतीय प्रतिभाओं के लिए एक्सिस बैंक में बेहतर करियर बनाने का रास्ता तैयार कर रहे हैं। बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं के लगातार बदलते क्षेत्र में ये प्रतिभाएं उद्योग के साथ सीखने के साथ नेतृत्व और विकास कर सकती हैं।’’

बयान के मुताबिक, उम्मीदवार कारोबार, प्रौद्योगिकी, डिजिटल, रणनीति, संपत्ति, संचालन और अन्य क्षेत्रों में अवसर तलाश सकते हैं।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में