बीस्टलाइफ का चालू वित्त वर्ष के लिए 250 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य
बीस्टलाइफ का चालू वित्त वर्ष के लिए 250 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य
नयी दिल्ली, 12 जून (भाषा) स्वास्थ्य एवं फिटनेस उत्पाद क्षेत्र से जुड़ी कंपनी बीस्टलाइफ ने वित्त वर्ष 2026-27 में 250 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य रखा है।
कंपनी इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऑफलाइन खुदरा नेटवर्क, बीस्ट कैफे और वेंडिंग मशीनों के जरिये अपनी पहुंच बढ़ाएगी।
कंपनी ने एक बयान में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में उसका कारोबार 105 करोड़ रुपये रहा।
बयान के अनुसार कंपनी ने अब चालू वित्त वर्ष में 250 करोड़ रुपये के कारोबार का लक्ष्य रखा है।
कंपनी के अनुसार, मई 2026 में उसकी शुद्ध बिक्री 20 करोड़ रुपये रही, जो उसके 15 करोड़ रुपये के आंतरिक लक्ष्य से अधिक है।
वर्ष 2024 में फिटनेस इन्फ्लुएंसर गौरव तनेजा और मामाअर्थ के पूर्व कार्यकारी राज विक्रम गुप्ता द्वारा स्थापित बीस्टलाइफ प्रोटीन सप्लीमेंट, क्रेटीन, मल्टी विटामिन और अन्य स्वास्थ्य उत्पादों की बिक्री करती है। कंपनी का कारोबार मुख्य रूप से डिजिटल मंच के जरिए संचालित होता है।
बीस्टलाइफ ने हाल ही में उत्पाद विकास, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और घरेलू तथा अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार की योजनाओं के लिए 20 करोड़ रुपये की पूंजी जुटाई है।
कंपनी ने कहा कि वह देशभर में अपनी ऑफलाइन मौजूदगी बढ़ाने के लिए खुदरा साझेदारियों के अलावा जिम, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों और अन्य अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर वेंडिंग मशीन नेटवर्क स्थापित करेगी। साथ ही ‘बीस्ट कैफे’ की भी शुरुआत की जाएगी।
बीस्टलाइफ के सह-संस्थापक गौरव तनेजा ने कहा, ‘‘कंपनी ने 15 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य से अधिक 20 करोड़ रुपये की शुद्ध मासिक बिक्री हासिल की है…। उत्पाद नवाचार, बाजार में पहुंच बढ़ाने और नए ग्राहक संपर्क केंद्रों के जरिए कंपनी को 250 करोड़ रुपये के राजस्व लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है।’’
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


