उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों में कारोबार के विस्तार पर बर्जर पेंट्स की नजर

उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों में कारोबार के विस्तार पर बर्जर पेंट्स की नजर

उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों में कारोबार के विस्तार पर बर्जर पेंट्स की नजर
Modified Date: May 30, 2026 / 02:36 pm IST
Published Date: May 30, 2026 2:36 pm IST

लखनऊ, 30 मई (भाषा) रंग-रोगन सामान बनाने वाली कंपनी ‘बर्जर पेंट्स’ उत्तर प्रदेश के छोटे शहरों व ग्रामीण बाजारों में मौजूदगी बढ़ाकर अपनी पहुंच को और मजबूत करने पर काम कर रही है।

कंपनी को उम्मीद है कि सालाना 1500 करोड रुपए का कारोबार देने वाला उत्तर प्रदेश बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों के चलते खपत में व्यापक वृद्धि होने की उम्मीद को देखते हुए भविष्य में उसके लिए और भी अहम बाजार बनेगा।

बर्जर पेंट्स के प्रबंध निदेशक और सीईओ अभिजीत रॉय ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा कि कंपनी उत्तर प्रदेश के उन इलाकों में अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है जहां अभी उसकी पहुंच कम है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के मध्य इलाके में कंपनी की स्थिति मजबूत है और अब वह राज्य के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में अपनी पैठ को और मजबूत करेगी।

उन्होंने बताया कि राज्य में कंपनी का छह हजार से ज्यादा डीलरों का नेटवर्क है और कंपनी नए इलाकों में पहुंच बनाकर और छोटे शहरों व ग्रामीण बाजारों में अपनी जमीनी मौजूदगी बढ़ाकर अपनी पहुंच को और मजबूत करने पर काम कर रही है।

रॉय ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कंपनी का सालाना कारोबार 1500 करोड रुपए का है और बढ़ती औद्योगिक गतिविधियों के चलते खपत में व्यापक वृद्धि होने की उम्मीद के मद्देनजर भविष्य में कंपनी के लिए यह राज्य और भी महत्वपूर्ण बाजार बनेगा।

उन्होंने बताया कि बर्जर पेंट्स ने लखनऊ के पास संडीला में अपनी विनिर्माण इकाई में 1200 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इसके अलावा विस्तार के लिए 200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश भी किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस इकाई से डेकोरेटिव और इंडस्ट्रियल कोटिंग्स समेत सभी तरह के उत्पादों की आपूर्ति में मदद मिलती है।

रॉय ने बताया कि कंपनी अपनी लॉजिस्टिक और सर्विसिंग क्षमताओं को बेहतर बनाने के लिए दो और वेयरहाउस बनाने पर भी विचार कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य में उत्पादो की मांग को शहरीकरण, मूलभूत अवसंरचना के विकास और औद्योगिक विकास से लगातार बढ़ावा मिल रहा है। डेकोरेटिव पेंट्स के साथ-साथ प्रोटेक्टिव और पाउडर कोटिंग्स जैसे क्षेत्रों में भी अच्छी-खासी बढ़त देखने को मिल रही है।

रॉय ने बताया कि पिछले कुछ साल में उत्तर प्रदेश कंपनी के लिए सबसे तेजी से बढ़ते बाजारों में से एक रहा है और इस राज्य में बाजार के बढ़ने की दर 12 से 15 प्रतिशत रही है और उम्मीद है कि आने वाले समय में भी यह रुख जारी रहेगा।

सरकार की नीतियों से मिलने वाले सहयोग के बारे में रॉय ने कहा कि राज्य सरकार के साथ खासकर निवेश को बढ़ावा देने के मामले में कंपनी का अनुभव काफी अच्छा रहा है।

भाषा सलीम नेत्रपाल रमण

रमण


लेखक के बारे में