तेलंगाना ताप बिजली परियोजना के लिए बीएचईएल को एनटीपीसी से 13,500 करोड़ का ठेका

Ads

तेलंगाना ताप बिजली परियोजना के लिए बीएचईएल को एनटीपीसी से 13,500 करोड़ का ठेका

  •  
  • Publish Date - March 30, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - March 30, 2026 / 04:34 PM IST

नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को तेलंगाना में 2,400 मेगावाट की ‘चरण-दो’ ताप बिजली परियोजना के मुख्य संयंत्र पैकेज के निर्माण के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की बिजली उत्पादक कंपनी एनटीपीसी से 13,500 करोड़ रुपये का ठेका मिला है। बीएचईएल ने सोमवार को यह जानकारी दी।

शेयर बाजार को दी गई जानकारी के अनुसार, बीएचईएल अक्टूबर, 2024 में इस परियोजना के लिए सफल बोलीदाता के रूप में उभरी थी।

इसके बाद 29 मार्च, 2026 को एनटीपीसी ने बीएचईएल को 800-800 मेगावाट की तीन इकाइयों वाली इस परियोजना के मुख्य संयंत्र कार्य के लिए आधिकारिक आवंटन पत्र जारी किया।

इस समझौते के तहत बीएचईएल मुख्य संयंत्र पैकेज के डिजाइन, इंजीनियरिंग, निर्माण, आपूर्ति और स्थापना का कार्य करेगी।

साथ ही, संयंत्र को चालू करने, उसके परीक्षण और निर्माण से जुड़े सिविल व ढांचागत कार्यों की जिम्मेदारी भी बीएचईएल की ही होगी।

यह ठेका जीएसटी (माल एवं सेवा कर) के बिना 13,500 करोड़ रुपये का है। ताप बिजली परियोजना वह संयंत्र होता है जहां कोयले जैसे ईंधन को जलाकर पानी से भाप बनाई जाती है और फिर उस भाप से बिजली पैदा की जाती है।

भाषा सुमित अजय

अजय