उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में मछली पकड़ने के दौरान चाचा-भतीजा डूबे

Ads

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में मछली पकड़ने के दौरान चाचा-भतीजा डूबे

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 12:56 AM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 12:56 AM IST

प्रतापगढ़ (उप्र), 22 अगस्त (भाषा) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में मेंधोली बाजार के पास शनिवार शाम मछली पकड़ने के दौरान एक व्यक्ति और उसका भतीजा डूब गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, चाचा का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि भतीजे के शव की तलाश जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार ने बताया कि लल्ले (25) शनिवार शाम मेंधोली बाजार के पास एक नाले में मछली पकड़ रहा था। जब लल्ले गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा, तो उसके चाचा नन्हें विश्वकर्मा (45) उसे बचाने के लिए पानी में कूद गए, लेकिन अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वह भी डूब गए।

सूचना मिलने पर पुलिस दमकल कर्मियों के साथ मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों और ग्रामीणों ने विश्वकर्मा का शव बरामद कर लिया। हालांकि, रात आठ बजे तक तलाश जारी रहने के बावजूद लल्ले का शव नहीं मिल सका।

अंधेरा होने के कारण तलाश अभियान रोक दिया गया और अब सुबह फिर से तलाश शुरू की जाएगी। पुलिस ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

भाषा सं जफर आशीष

आशीष