भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र का ‘गहना’: मुख्यमंत्री

भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र का 'गहना': मुख्यमंत्री

भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र का ‘गहना’: मुख्यमंत्री
Modified Date: August 1, 2026 / 02:10 pm IST
Published Date: August 1, 2026 2:10 pm IST

भोगपुरम (आंध्र प्रदेश), एक अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को यहां अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के अवसर पर इसे उत्तरी आंध्र का ‘गहना’ बताया और कहा कि यह इस क्षेत्र की तस्वीर बदल देगा।

लगभग 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस हवाई अड्डे का उद्घाटन आज दिन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया।

हवाई अड्डे के उद्घाटन के बाद यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा, ”भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र का गहना है… भोगपुरम हवाई अड्डा उत्तरी आंध्र की तस्वीर और भविष्य को बदल देगा। ठीक उसी तरह जैसे शमशाबाद हवाई अड्डे ने तेलंगाना का कायाकल्प कर दिया था।”

इस परियोजना के लिए अपनी जमीन देने वाले भोगपुरम के किसानों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्य को उसका भविष्य दिया है।

एक अन्य बयान में जीएमआर समूह ने बताया कि भोगपुरम हवाई अड्डे से 17 अगस्त से वाणिज्यिक उड़ानों का संचालन शुरू होगा। शुरुआती दौर में इसकी वार्षिक यात्री क्षमता 60 लाख होगी और इसे बढ़ाकर चार करोड़ किया जाएगा।

जीएमआर समूह ने कहा कि हवाई अड्डे का निर्माण निर्धारित समय से कई महीने पहले पूरा कर लिया गया है। इस हवाई अड्डे को जीएमआर विशाखापत्तनम इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित किया है।

जीएमआर एयरपोर्ट्स लिमिटेड के बिजनेस चेयरमैन जी बी एस राजू ने कहा, ”हमें भरोसा है कि यह हवाई अड्डा भारत के पूर्वी गलियारे के लिए एक प्रमुख प्रवेश द्वार के रूप में उभरेगा, जो आने वाले दशकों में निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय समृद्धि को बढ़ावा देगा।”

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में