बिहार ने विभिन्न क्षेत्रों में 51,600 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए
बिहार ने विभिन्न क्षेत्रों में 51,600 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए
पटना, छह अगस्त (भाषा) बिहार सरकार ने परमाणु ऊर्जा परियोजना समेत विभिन्न क्षेत्र में कुल 51,600 करोड़ रुपये के निवेश के लिए कई औद्योगिक समूहों के साथ बृहस्पतिवार को समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में पटना में इन समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, प्रस्तावित निवेश इस्पात, परमाणु ऊर्जा, वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण और औषधि क्षेत्रों में किया जाएगा।
सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव ग्लोबल रिन्यूएबल एडवांस्ड क्लीन एनर्जी (जीआरएसीई) प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आया है। कंपनी ने परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में 22,500 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए करार किया है।
इस्पात क्षेत्र में छह समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुए। इनमें नक्षत्र आयरन एंड स्टील प्राइवेट लिमिटेड ने 6,836 करोड़ रुपये, अंकुर स्टील प्राइवेट लिमिटेड ने 6,000 करोड़ रुपये और श्री लंगटा बाबा मेटल्स एंड पावर लिमिटेड ने 5,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सरकार का मकसद निवेश प्रस्तावों को जल्द से जल्द धरातल पर उतारना है, ताकि औद्योगिक विकास को गति मिले और रोजगार के अवसर पैदा हों।’’
चौधरी ने आगामी बिहार बिजनेस कनेक्ट-2026 की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन देशी और विदेशी निवेशकों को बिहार में निवेश की संभावनाओं का पता लगाने के लिए एक मंच उपलब्ध कराएगा।
भाषा
यासिर अजय
अजय
अजय

Facebook


