मुंबई, 15 सितंबर (भाषा) एयर इंडिया के निदेशक मंडल की मंगलवार को मुंबई में बैठक हो रही है।
विमानन कंपनी में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के बदलाव की तैयारी है और इथियोपियन एयरलाइंस समूह के पूर्व प्रमुख टेवोल्डे गेब्रेमरियम के इस महीने के अंत में औपचारिक रूप से कार्यभार संभालने की उम्मीद है।
सूत्रों के अनुसार, टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की अध्यक्षता में हो रही बैठक में आने वाले सीईओ के वेतन ढांचे समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
एयर इंडिया के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन इस महीने अपने पद से हटेंगे।
चंद्रशेखरन और विल्सन के अलावा निदेशक मंडल में पांच अन्य सदस्य हैं। संजीव मेहता, एलिस जी. वैद्यन और पी. आर. आर. रमेश स्वतंत्र निदेशक हैं, जबकि पी. बी. बालाजी और गोह चून फोंग गैर-कार्यकारी गैर-स्वतंत्र निदेशक हैं।
सूत्रों ने कहा कि निदेशक मंडल के सदस्य विल्सन को एयरलाइन में उनके योगदान के लिए धन्यवाद भी देंगे। वह जुलाई 2022 से विमानन कंपनी की कमान संभाल रहे हैं और महत्वाकांक्षी बदलाव योजना का नेतृत्व कर रहे हैं।
चंद्रशेखरन, विल्सन और गेब्रेमरियम को शहर में टाटा समूह के मुख्यालय बॉम्बे हाउस में प्रवेश करते हुए देखा गया।
गेब्रेमरियम को इथियोपियन एयरलाइंस समूह में करीब चार दशक का अनुभव है। वह 11 साल से अधिक समय तक इसके सीईओ भी रहे हैं।
इस बीच, एयर इंडिया ग्राहक सेवा प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए सेल्सफोर्स के एआई मंच का इस्तेमाल बढ़ा रही है।
सेल्सफोर्स ने कहा कि इसमें ईमेल का स्वचालित समाधान, नाम में बदलाव की प्रक्रिया और ग्राहक सेवा टीमों के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित ज्ञान सहायक शामिल हैं।
सेल्सफोर्स ने सोमवार को कहा कि एयर इंडिया ने 140 से अधिक उद्यम प्रणालियों को जोड़ने वाला क्लाउड आधारित डिजिटल तंत्र तैयार किया है और उसके पास 30 से अधिक एजेंटिक एआई पहल चल रही हैं।
भाषा निहारिका
निहारिका