मप्र : गणेश स्थापना जुलूस में नाचने के विवाद में 16 वर्षीय लड़के की हत्या, एक नाबालिग घायल

Ads

मप्र : गणेश स्थापना जुलूस में नाचने के विवाद में 16 वर्षीय लड़के की हत्या, एक नाबालिग घायल

  •  
  • Publish Date - September 15, 2026 / 01:12 PM IST,
    Updated On - September 15, 2026 / 01:12 PM IST

इंदौर, 15 सितंबर (भाषा) मध्यप्रदेश के इंदौर में भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना के लिए निकाले जा रहे जुलूस के दौरान नाचने के विवाद में एक व्यक्ति ने चाकू मारकर 16 वर्षीय लड़के की हत्या कर दी, जबकि उसके नाबालिग दोस्त को घायल कर दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि आजाद नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात भगवान गणेश की मूर्ति की स्थापना के लिए लोग जुलूस के रूप में जा रहे थे और डीजे वाहन में बजाए जा रहे गानों पर नाच रहे थे।

उन्होंने बताया कि नाचने के दौरान धक्का-मुक्की से विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने दो लड़कों पर चाकू से हमला कर दिया।

दंडोतिया ने बताया कि इस घटना में सीने में चाकू लगने से कृष्णा (16) की मौत हो गई, जबकि उसका एक नाबालिग दोस्त घायल हो गया।

उन्होंने बताया कि घायल लड़के को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां इलाज के बाद उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है।

दंडोतिया ने बताया कि दोनों लड़कों पर चाकू से हमला करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और वह भी संभवत: नाबालिग है।

उन्होंने बताया कि हत्या का मामला दर्ज करके इस व्यक्ति की तलाश की जा रही है।

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा