बीपीएसीएल का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 3,191 करोड़ रुपये पर स्थिर

Ads

बीपीएसीएल का शुद्ध लाभ चौथी तिमाही में 3,191 करोड़ रुपये पर स्थिर

  •  
  • Publish Date - May 19, 2026 / 08:20 PM IST,
    Updated On - May 19, 2026 / 08:20 PM IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल) का शुद्ध लाभ 2025-26 की मार्च तिमाही में 3191.49 करोड़ रुपये पर स्थिर रहा। मूल रूप से तेल खोज एवं उत्पादन संपत्तियों के मूल्य में गिरावट की वजह से कंपनी का मुनाफा स्थिर रहा है।

कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि इससे पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की इसी तिमाही में कंपनी को 3,214.06 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। वहीं दिसंबर, 2025 को समाप्त तिमाही में लाभ 7,545.27 करोड़ रुपये था।

वैश्विक स्तर पर और भारत में तेल और गैस ब्लॉक में अपनी सहायक कंपनी द्वारा किए गए निवेश पर नुकसान की वजह से सालाना आधार पर कंपनी की वृद्धि स्थिर रही।

कंपनी ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान, बीपीसीएल की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी तेल खोज एवं उत्पादन कंपनी भारत पेट्रो रिसोर्सेज लि. ने अपने ब्लॉक की संभावनाओं में बदलाव के कारण निवेश में हानि दर्ज की है।’’ इसके कारण 31 मार्च, 2026 तक उपयोग में लाई जा रही परिसंपत्तियों के मूल्य के आधार पर 4,349.13 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

खोज एवं उत्पादन क्षेत्र में निवेश का सकल मूल्य 15,426.37 करोड़ रुपये से घटकर 11,313.83 करोड़ रुपये हो गया है।

बीपीसीएल की आय आलोच्य तिमाही में 1.34 लाख करोड़ रुपये रही।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 75 प्रतिशत बढ़कर 23,303.22 करोड़ रुपये रहा जो एक साल पहले 13,275.26 करोड़ रुपये था।

आलोच्य वित्त वर्ष में आय 5.22 लाख करोड़ रुपये रही।

भाषा रमण अजय

अजय