नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी बीपीटीपी लिमिटेड अपनी विस्तार योजना के तहत फरीदाबाद में एक लक्जरी आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए करीब 1,100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि उसने ग्रेटर फरीदाबाद के सेक्टर-80 में ‘स्काईनेस्ट’ नाम से नई आवासीय परियोजना शुरू की है। इस परियोजना में 325 आवासीय इकाइयां विकसित की जाएंगी और इससे करीब 1,800 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद है।
परियोजना के एक अपार्टमेंट की शुरुआती कीमत लगभग पांच करोड़ रुपये रखी गई है।
हालांकि, कंपनी ने बयान में परियोजना की कुल लागत का खुलासा नहीं किया। लेकिन हरियाणा रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण की वेबसाइट के मुताबिक, इस परियोजना की लागत करीब 1,100 करोड़ रुपये है।
बीपीटीपी लिमिटेड के मुख्य कारोबार अधिकारी विनीत नंदा ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर के रियल एस्टेट बाजार में घरों की मांग मजबूत बनी हुई है।
बीपीटीपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है और इसने आवासीय एवं वाणिज्यिक क्षेत्र में कई परियोजनाएं विकसित की हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय