बीएसएच होम अप्लायंसेज का 2030 तक भारत में आठ प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य
बीएसएच होम अप्लायंसेज का 2030 तक भारत में आठ प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य
बेंगलुरु, 12 अप्रैल (भाषा) जर्मनी की घरेलू उपकरण बनाने वाली कंपनी बीएसएच होम अप्लायंसेज ने भारत को अपना प्रमुख रणनीतिक बाजार बताते हुए 2030 तक लगभग आठ प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी हासिल करने का लक्ष्य रखा है।
कंपनी के भारत के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सैफ खान ने कहा कि यह लक्ष्य उत्पाद श्रेणियों के विस्तार, खुदरा नेटवर्क को मजबूत करने और तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में निवेश के जरिए हासिल किया जाएगा।
कंपनी ने 2025 में 15 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की। वहीं, 2026 की पहली तिमाही में कंपनी ने 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हासिल की।
घरेलू बाजार के साथ-साथ कंपनी विनिर्माण, अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) और डिजाइन केंद्रों में निवेश कर भारत को आने वाले वर्षों में वैश्विक बाजारों के लिए नवाचार केंद्र और कम लागत वाला उत्पादन केंद्र बनाने की दिशा में भी काम कर रही है।
सैफ खान ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘हमारा लक्ष्य 2030 तक स्थानीयकरण को कम से कम 90 प्रतिशत तक ले जाने का है और इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।’
उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियां स्थानीय उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान कर रही हैं। कंपनी का प्रयास है कि अधिक से अधिक उत्पादन भारत में ही किया जाए।
वर्ष 2026 के बारे में खान ने कहा कि कंपनी के लिए यह वर्ष काफी सकारात्मक रहने की उम्मीद है और राजस्व में 50 प्रतिशत से अधिक वृद्धि हो सकती है।
भाषा योगेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


