बजट में खाद्य, उर्वरक एवं ईंधन पर सब्सिडी में 4.47 प्रतिशत की कमी का अनुमान
बजट में खाद्य, उर्वरक एवं ईंधन पर सब्सिडी में 4.47 प्रतिशत की कमी का अनुमान
नयी दिल्ली, एक फरवरी (भाषा) वित्त वर्ष 2026-27 में खाद्य, उर्वरक एवं ईंधन पर सरकार का वार्षिक सब्सिडी व्यय 4.47 प्रतिशत घटकर 4,10,495 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
केंद्रीय बजट 2026-27 के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए खाद्य, उर्वरक एवं ईंधन पर संशोधित सब्सिडी 4,29,735 करोड़ रुपये अनुमानित है।
वित्त वर्ष 2026-27 में खाद्य सब्सिडी का अनुमान 2,27,629 करोड़ रुपये है जो चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए संशोधित अनुमान 2,28,154 करोड़ रुपये से कम है।
खाद्य सब्सिडी पर होने वाला अधिकतर व्यय प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (पीएमजीकेएवाई) के अंतर्गत है जिसके तहत सरकार 81 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराती है।
दूसरा प्रमुख व्यय उर्वरक सब्सिडी पर है जिसका अनुमानित व्यय भी अगले वित्त वर्ष के लिए घटकर 1,70,805 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है। हालांकि, चालू वित्त वर्ष 2025-26 के लिए संशोधित अनुमान 1,86,460 करोड़ रुपये है।
कुल सब्सिडी में से, वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान यूरिया पर सब्सिडी 1,16,805 करोड़ रुपये और गैर-यूरिया उर्वरकों पर सब्सिडी 54,000 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
पेट्रोलियम सब्सिडी का अनुमान वित्त वर्ष 2026-27 के लिए चालू वित्त वर्ष के संशोधित अनुमान 15,121 करोड़ रुपये के मुकाबले कम होकर 12,085 करोड़ रुपये रहने के आसार हैं।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


