सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया चालू वित्त वर्ष में 150 शाखाएं खोलेगा, 1,400 अधिकारियों की भर्ती करेगा

Ads

सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया चालू वित्त वर्ष में 150 शाखाएं खोलेगा, 1,400 अधिकारियों की भर्ती करेगा

  •  
  • Publish Date - May 20, 2026 / 04:42 PM IST,
    Updated On - May 20, 2026 / 04:42 PM IST

नयी दिल्ली, 20 मई (भाषा) सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया ने अपने विकास लक्ष्य को पूरा करने के लिए मौजूदा वित्त वर्ष के दौरान पूरे देश में 150 शाखाएं खोलने और अपने कर्मचारियों की संख्या में लगभग 1,400 की वृद्धि करने की योजना बनाई है। बैंक के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कल्याण कुमार ने यह जानकारी दी।

बैंक की मौजूदा समय में सभी 28 राज्यों और सात में से छह केंद्र शासित प्रदेशों में 4,585 शाखाएं हैं। बैंक की लगभग 65 प्रतिशत शाखाएं देश के ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में हैं।

कल्याण कुमार ने पीटीआई-भाषा को दिये एक साक्षात्कार में कहा, ‘‘जहां तक शाखा विस्तार का सवाल है, हम मौजूदा वित्त वर्ष में लगभग 150 शाखाएं खोलने जा रहे हैं और इसके लिए हमने बोर्ड से मंजूरी ले ली है।’’

मानव संसाधन बढ़ाने की बात करते हुए, कुमार ने कहा कि मानव संसाधन व्यवसाय का सबसे महत्वपूर्ण चालक है और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों और कर्मचारियों को नियुक्त करने जा रहा है।

मुंबई स्थित इस बैंक में कुल कर्मचारियों की संख्या लगभग 34,000 है। इनमें से 21,000 अधिकारी हैं और बाकी लिपिकीय कैडर में हैं।

मौजूदा वित्त वर्ष की योजनाओं के बारे में बात करते हुए, उन्होंने कहा कि बैंक का इरादा जोखिम प्रबंधन, विदेशी मुद्रा और ट्रेजरी के क्षेत्रों में लगभग 1,000 प्रोबेशनरी अधिकारियों, 300 विपणन अधिकारियों, 50 विदेशी मुद्रा अधिकारियों और 15 एजीएम स्तर के अधिकारियों को नियुक्त करने का है।

सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया की अनुषंगी कंपनियों के पुनर्गठन की योजनाओं के बारे में पूछे जाने पर, उन्होंने कहा कि बैंक की दो संस्थाएं हैं – सेंटबैंक फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड (सीएफएसएल) और सेंट बैंक होम फाइनेंस लिमिटेड (सीबीएचएफएल)।

सीएफएसएल पूरी तरह से बैंक के स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी है, जबकि आवास वित्त संस्था में बैंक की 64 प्रतिशत हिस्सेदारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘हम सीबीएचएफएल में टीम को मजबूत कर रहे हैं।’’

अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग कारोबार को बढ़ाने के मकसद से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया अगले महीने के पहले सप्ताह में गांधीनगर के गिफ्ट सिटी में अपना आईएफएससी बैंकिंग यूनिट (आईबीयू) शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय