केंद्र ने ओडिशा में एमएसपी पर पांच फसलों की खरीद की अनुमति दी
केंद्र ने ओडिशा में एमएसपी पर पांच फसलों की खरीद की अनुमति दी
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) सरकार ने बुधवार को एक केंद्रीय योजना के तहत ओडिशा में पांच फसलों — मूंग, उड़द, मूंगफली, सूरजमुखी और सरसों दाना — की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद की अनुमति दे दी।
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक बैठक में राज्य के उपमुख्यमंत्री और कृषि मंत्री कनक वर्धन सिंह के साथ चर्चा के बाद ओडिशा सरकार के प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी।
मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, मंज़ूर की गई खरीद में 34,492 टन मूंग, 1,19,387 टन उड़द, 20,219 टन मूंगफली, 2,210 टन सूरजमुखी और 4,964 टन सरसों दाना की खरीद मात्रा शामिल हैं।
बयान में आगे कहा गया है कि इन मंज़ूर की गई खरीद का कुल एमएसपी मूल्य 1,428.31 करोड़ रुपये से अधिक होगा।
पूरी खरीद प्रक्रिया पीएम-आशा योजना के तहत 90 दिनों की अवधि के लिए प्रस्तावित है, और राज्य सरकार पहले से ही बिक्री स्थल-आधारित खरीद तंत्र स्थापित करने पर काम कर रही है।
चौहान ने बैठक में राज्य में सूरजमुखी की खेती पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि यह फसल धीरे-धीरे कई क्षेत्रों से गायब होती जा रही थी, ओडिशा में इसकी निरंतर उपस्थिति और विकास अत्यंत उत्साहजनक है।
उन्होंने राज्य सरकार को सूरजमुखी की खेती के रकबे और उत्पादन, दोनों को बढ़ाने में वैज्ञानिक और तकनीकी सहायता के साथ-साथ सहयोग का आश्वासन दिया।
चौहान ने खरीद प्रक्रिया की निरंतर निगरानी की आवश्यकता पर ज़ोर दिया ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि बिचौलिए लाभ न उठा सकें और केवल असली किसानों की उपज ही समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए।
भाषा राजेश राजेश पाण्डेय
पाण्डेय

Facebook


