छत्तीसगढ़ की वृद्धि दर 2025-26 में 8.11 प्रतिशत रहने का अनुमान: आर्थिक समीक्षा
छत्तीसगढ़ की वृद्धि दर 2025-26 में 8.11 प्रतिशत रहने का अनुमान: आर्थिक समीक्षा
रायपुर, 23 फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ में वित्त वर्ष 2025-26 में स्थिर मूल्य पर सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 8.11 प्रतिशत बढ़ने का अनुमान है तथा प्रति व्यक्ति आय 1,79,244 रुपये तक पहुंचने की उम्मीद है।
विधानसभा में सोमवार को राज्य के योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी तथा बीस सूत्रीय कार्यान्वयन विभाग के मंत्री ओ पी चौधरी ने राज्य की आर्थिक समीक्षा 2025—26 को पटल पर रखा।
आर्थिक समीक्षा के अनुसार, 2025-26 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (बाजार मूल्य) वर्ष 2024-25 के 3,31,402 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,58,293 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है, जो 2024—25 की तुलना में 8.11 प्रतिशत की वृद्धि है।
समीक्षा के अनुसार, कृषि और संबद्ध क्षेत्र के वर्ष 2024-25 के 53,928 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 57,969 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है, जो 7.49 प्रतिशत की वृद्धि है।
इसी तरह उद्योग क्षेत्र के 1,49,678 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 1,60,473 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है, जो 2024—25 की तुलना में 7.21 प्रतिशत की वृद्धि है।
समीक्षा के अनुसार, सेवा क्षेत्र के वर्ष 2024-25 के 98,147 करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 1,07,088 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है, जो 9.11 प्रतिशत की वृद्धि है।
समीक्षा के अनुसार स्थिर मूल्य पर 2025-26 में सकल राज्य घरेलू उत्पाद (बाजार मूल्य) वर्ष 2024-25 के 5,65,845 करोड़ रुपये से बढ़कर 6,31,291 करोड़ रुपये पर पहुंचने का अनुमान है, जो 11.57 प्रतिशत की वृद्धि है।
समीक्षा कहती है कि राज्य में प्रति व्यक्ति आय वर्ष 2024-25 के 1,62,848 रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 1,79,244 रुपये रहने का अनुमान है। यह 10.07 प्रतिशत की वृद्धि है।
भाषा संजीव मनीषा अजय
अजय
अजय

Facebook


