बैंकॉक, सात अगस्त (भाषा) उच्च प्रौद्योगिकी वाले इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों और वाहनों की मजबूत वैश्विक मांग के बावजूद जुलाई में चीन के निर्यात वृद्धि की रफ्तार पिछले महीने की तुलना में कुछ धीमी पड़ गई।
सीमा शुल्क विभाग के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, जून में 125.6 अरब डॉलर रहा चीन का व्यापार अधिशेष जुलाई में घटकर 112.5 अरब डॉलर रह गया।
चीन का निर्यात जुलाई में सालाना आधार पर लगभग 24 प्रतिशत बढ़ा, जबकि इससे पिछले महीने जून में इसमें 27 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई थी। वहीं, आयात जुलाई में सालाना आधार पर 27.5 प्रतिशत बढ़ा, जो जून में दर्ज 36 प्रतिशत की वृद्धि से कम रहा।
कैपिटल इकोनॉमिक्स के अर्थशास्त्री जूलियन इवांस-प्रिचर्ड ने एक रिपोर्ट में कहा कि जुलाई में चीन के व्यापार में तेजी कुछ कम हुई, लेकिन व्यापक तस्वीर यह है कि इलेक्ट्रॉनिक्स और हरित प्रौद्योगिकी उत्पादों की वैश्विक मांग मजबूत रहने से निर्यात और आयात का मूल्य ऊंचे स्तर पर बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध के कारण पश्चिम एशिया से एल्यूमीनियम की आपूर्ति प्रभावित हुई, जिससे चीन के एल्यूमीनियम निर्यात में वृद्धि हुई।
व्यापार आंकड़ों से पता चलता है कि चीन अब मुख्य रूप से कम लागत वाले विनिर्माण से आगे बढ़कर उन्नत विनिर्माण के लिए आवश्यक मशीनरी और प्रमुख कलपुर्जों का प्रमुख आपूर्तिकर्ता बन गया है।
जनवरी से जुलाई की अवधि के दौरान उच्च प्रौद्योगिकी वाले उत्पादों का निर्यात एक वर्ष पहले की समान अवधि की तुलना में लगभग 41 प्रतिशत बढ़ा। इस दौरान वाहनों का निर्यात 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक्स तथा मशीनरी का कुल निर्यात 26 प्रतिशत बढ़ा।
वर्ष के पहले सात महीनों में अमेरिका को चीन का निर्यात सालाना आधार पर 2.6 प्रतिशत बढ़ा, जबकि अमेरिका से उसका आयात 1.4 प्रतिशत बढ़ा।
भाषा योगेश रमण
रमण