चाइल्ड केयर सेंटर से बिहार की किशोरी के फरार होने के मामले में सुपरवाइजर और सिपाही पर मुकदमा

Ads

चाइल्ड केयर सेंटर से बिहार की किशोरी के फरार होने के मामले में सुपरवाइजर और सिपाही पर मुकदमा

  •  
  • Publish Date - September 22, 2026 / 11:36 AM IST,
    Updated On - September 22, 2026 / 11:36 AM IST

बलिया (उप्र), 22 सितंबर (भाषा) बलिया जिला मुख्यालय स्थित एक चाइल्ड केयर हेल्पलाइन केंद्र से बिहार के वैशाली जिले की निवासी 16 वर्षीय लड़की के कथित रूप से फरार होने के मामले में एक महिला पुलिस कर्मी और चाइल्ड केयर हेल्पलाइन की सुपरवाइजर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

सुपरवाइजर की सेवा समाप्त करने और पुलिस कर्मी के विरुद्ध जांच की कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, बलिया शहर कोतवाली में सोमवार की देर रात जिला परिवीक्षा अधिकारी अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन की तहरीर पर बैरिया थाने में तैनात सिपाही रीमा और चाइल्ड केयर हेल्पलाइन केंद्र की सुपरवाइजर शिल्पा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।

उन्होंने दर्ज प्राथमिकी का हवाला देते हुए बताया कि 18-19 सितंबर की दरमियानी रात करीब सवा दो बजे बैरिया थाने के उप निरीक्षक सुनील यादव और मुख्य आरक्षी सिंकी गोंड ने बिहार के वैशाली जिले की रहने वाली गुमशुदा लड़की पुतुल कुमारी को बैरिया क्षेत्र के सुमेरनपुर में बरामद करके जिला मुख्यालय के ओकडेनगंज पुलिस चौकी क्षेत्र में स्थित चाइल्ड केयर हेल्पलाइन केंद्र के सुपुर्द किया था।

सूत्रों ने बताया कि पुतुल कुमारी 20 सितंबर को पूर्वाह्न लगभग सवा ग्यारह बजे केंद्र के शौचालय की खिड़की के रास्ते फरार हो गई। उन्होंने बताया कि जिस वक्त यह घटना हुई उस समय बैरिया थाने की सिपाही रीमा और चाइल्ड केयर हेल्पलाइन केंद्र की सुपरवाइजर शिल्पा ड्यूटी पर थी।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मंगलवार को ‘पीटीआई—भाषा’ को बताया कि पुलिस मुकदमा दर्ज कर फरार किशोरी की तलाश कर रही है।

उन्होंने बताया कि इस मामले में बैरिया थाने की सिपाही रीमा के विरुद्ध जांच की जा रही है और रिपोर्ट मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जायेगी।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अमरेंद्र कुमार पौत्स्यायन ने बताया कि हेल्पलाइन की सुपरवाइजर शिल्पा की घोर लापरवाही के आरोप में सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है।

भाषा सं. सलीम मनीषा

मनीषा