चीन का निर्यात जून में 27 प्रतिशत बढ़ा, एआई के बढ़ते इस्तेमाल से मांग मजबूत
चीन का निर्यात जून में 27 प्रतिशत बढ़ा, एआई के बढ़ते इस्तेमाल से मांग मजबूत
हांगकांग, 14 जुलाई (एपी) चीन के निर्यात में जून में सालाना आधार पर 27 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। कृत्रिम मेधा (एआई) के तेजी से बढ़ते उपयोग के दम पर मजबूत मांग से निर्यात को बढ़ावा मिला। चीन के सीमा शुल्क विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
जून में निर्यात में हुई वृद्धि अर्थशास्त्रियों के अनुमान से कहीं बेहतर रही। मई में चीन का निर्यात सालाना आधार पर 19.4 प्रतिशत बढ़ा था।
आंकड़ों के अनुसार, जून में आयात भी सालाना आधार पर 36 प्रतिशत बढ़ा, जो मई में दर्ज 27.4 प्रतिशत की वृद्धि से अधिक है।
इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) सहित सभी खंड के वाहनों तथा अन्य प्रौद्योगिकी से जुड़े उत्पादों के चीन के निर्यात में तेजी आई है। एआई को तेजी से अपनाए जाने के कारण सेमीकंडक्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मांग बढ़ी है।
निर्यात आधारित विनिर्माण क्षेत्र की मजबूती से घरेलू उपभोग और निवेश में कमजोरी के असर की आंशिक भरपाई हुई है।
बीएनपी पारिबा सिक्योरिटीज (चीन) में बहु-परिसंपत्ति निवेश के प्रमुख वेई ली ने कहा, ‘‘ वृद्धि जारी रहने की संभावना है, लेकिन यह लगातार अधिक नाजुक होती जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि मोटर वाहन और एआई से जुड़े उत्पादों की मजबूत खेप वैश्विक मांग और नियामकीय बाधाओं पर निर्भर रहेगी।
अमेरिका और यूरोप सहित कई देशों के नीति-निर्माताओं ने चीन के साथ बढ़ते व्यापार घाटे को लेकर चिंता जताई है।
ली ने कहा कि अधिक शुल्क जैसी व्यापारिक बाधाओं से बचने के लिए चीन यूरोप जैसे क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर उत्पादन बढ़ा रहा है। इसके साथ ही चीन ने दक्षिण-पूर्व एशिया, लातिन अमेरिका और अफ्रीका को अपना निर्यात भी बढ़ाया है।
चीन बुधवार को अप्रैल-जून तिमाही के आर्थिक वृद्धि के आंकड़े जारी करेगा।
चीनी नेतृत्व ने वार्षिक आर्थिक वृद्धि दर का लक्ष्य 4.5 प्रतिशत से पांच प्रतिशत के बीच रखा है। यह 2025 में दर्ज पांच प्रतिशत की वृद्धि दर से थोड़ा कम है।
एपी निहारिका
निहारिका

Facebook


