वाणिज्य सचिव ने जिनेवा में डब्ल्यूटीओ प्रमुख से की मुलाकात, 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन पर चर्चा
वाणिज्य सचिव ने जिनेवा में डब्ल्यूटीओ प्रमुख से की मुलाकात, 14वें मंत्रिस्तरीय सम्मेलन पर चर्चा
नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने जिनेवा में विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की महानिदेशक नगोजी ओकोंजो इवेला से शुक्रवार को मुलाकात की और कैमरून में होने वाले आगामी मंत्रिस्तरीय सम्मेलन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
कैमरून के याउंडे में 14वां मंत्रिस्तरीय सम्मेलन 26 से 29 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन 166 सदस्य देशों वाले विश्व व्यापार संगठन की सर्वोच्च निर्णय लेने वाली बैठक होती है।
भारत के स्थायी मिशन ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी, ‘‘ जिनेवा स्थित विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) में सम्मेलन को सकारात्मक, संतुलित एवं समावेशी बनाने की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई। साथ ही नियम-आधारित बहुपक्षीय व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भारत की रचनात्मक भागीदारी की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया गया।’’
वाणिज्य सचिव ने विभिन्न विकासशील देशों के स्थायी प्रतिनिधियों और राजदूतों से भी मुलाकात की तथा सम्मेलन के संदर्भ में अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
वाणिज्य सचिव बनने के बाद जिनेवा में विश्व व्यापार संगठन प्रमुख के साथ अग्रवाल की यह पहली आधिकारिक बैठक थी।
विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) वैश्विक निर्यात-आयात पर नजर रखने के अलावा सदस्य देशों के बीच व्यापार विवादों का निपटारा भी करता है।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


