ब्रिक्स के दो दशक पूरे होने पर डाक विभाग ने जारी किए स्मारक डाक टिकट
ब्रिक्स के दो दशक पूरे होने पर डाक विभाग ने जारी किए स्मारक डाक टिकट
नयी दिल्ली, 12 सितंबर (भाषा) डाक विभाग ने ब्रिक्स के गठन के दो दशक पूरे होने के अवसर पर शनिवार को दो स्मारक डाक टिकट जारी किए हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
ब्रिक्र (ब्राजील, रूस, भारत और चीन) का गठन न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के इतर विदेश मंत्रियों की पहली बैठक के दौरान हुआ। बाद में दक्षिण अफ्रीका के समूह में शामिल होने के बाद इसका नाम ब्रिक्स कर दिया गया।
बयान में कहा गया, ‘‘ब्रिक्स के दो दशक पूरे होने के मौके पर 12 सितंबर, 2026 को नयी दिल्ली में आयोजित 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर दो स्मारक डाक टिकट का विमोचन किया गया।’’
इन डाक टिकट पर अंग्रेजी और हिंदी भाषाओं में ‘ब्रिक्स: सहयोग के दो दशक, 2006-2026’ लिखा गया है।
बयान में कहा गया, ‘‘पहला डाक टिकट आपसी सम्मान, समझ और एकजुटता की भावना के साथ ब्रिक्स के एक मंच के रूप में उभरने को दर्शाता है जबकि, दूसरे टिकट पर ब्रिक्स का चिन्ह है तथा इसमें भारत की अध्यक्षता के पीछे ‘मानवता प्रथम’ तथा ‘जन-केंद्रित’ सोच को प्रदर्शित किया गया है।’’
भाषा
यासिर अजय
अजय

Facebook


