धामी का चेन्नई में रोडशो, 10,150 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर

धामी का चेन्नई में रोडशो, 10,150 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर

धामी का चेन्नई में रोडशो, 10,150 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर
Modified Date: October 26, 2023 / 09:51 pm IST
Published Date: October 26, 2023 9:51 pm IST

देहरादून, 26 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड में आठ-नौ दिसंबर को होने वाले वैश्विक निवेशक सम्मेलन के सिलसिले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को चेन्नई में एक रोडशो में हिस्सा लिया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े उद्यमियों के साथ 10,150 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश संबंधी समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

उत्तराखंड सरकार की तरफ से जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, मुख्यमंत्री की मौजूदगी में राज्य सरकार की तरफ से स्वास्थ्य देखभाल, दवा, ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न उद्योगों के साथ एमओयू पर दस्तखत किए गए।

विज्ञप्ति के अनुसार, जुलाई वेंचर्स के साथ 1,000 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य देखभाल में निवेश के लिए क्षणा ग्रुप के साथ 1,000 करोड़ रुपये, उच्च शिक्षा में निवेश के लिए एसआरएम यूनिवर्सिटी के साथ 600 करोड़ रुपये, हेलीपोर्ट एवं ऊर्जा क्षेत्र में रिफेक्स ग्रुप के साथ 500 करोड़ रुपये, एरोमा पार्क की स्थापना के लिए ईन्फ्ला मोवी ग्रुप के साथ 250 करोड़ रुपये, पर्यटन क्षेत्र में मिलटेक्स ग्रुप के साथ 100 करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए।

इसके अलावा, सर्वोदय ग्रुप आफ हॉस्पिटल के साथ 1,000 करोड़ रुपये, अपोलो हॉस्पिटल के साथ 500 करोड़ रुपये, क्राफ्ट स्मिथ इंडिया के साथ 1,000 करोड़ रुपये, इंफिनिटी ग्लोबल के साथ 4,000 करोड़ रुपये और टीपीसीआई के साथ 200 करोड़ रुपये के निवेश समझौते भी किए गए।

चेन्नई के रोडशो में मुख्यमंत्री के साथ उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी सतपाल महाराज और सौरभ बहुगुणा भी शामिल थे।

इस दौरान धामी ने निवेशक सम्मेलन के लिए उद्यमियों को उत्तराखंड आने का निमंत्रण देते हुए कहा कि तमिलनाडु और उत्तराखंड का आध्यात्मिक रूप से संबंध है । उन्होंने कहा कि जहां तमिलनाडु में रामेश्वरम है वहीं उत्तराखंड में केदारनाथ एवं आदि कैलास हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और तमिल संगमम को आगे बढ़ाया जाएगा।

उत्तराखंड में निवेश आकर्षित करने के लिए धामी देश-विदेश के दौरे कर रहे हैं। पिछले महीने वह ब्रिटेन के दौरे पर गए थे जबकि इस माह वह दुबई और अबूधाबी का दौरा कर लौटे हैं।

भाषा दीप्ति दीप्ति प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में