हरियाणा के किसानों ने 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने की मांग की

Ads

हरियाणा के किसानों ने 15 सितंबर से धान की खरीद शुरू करने की मांग की

  •  
  • Publish Date - September 10, 2026 / 07:53 PM IST,
    Updated On - September 10, 2026 / 07:53 PM IST

कुरुक्षेत्र, 10 सितंबर (भाषा) किसानों ने हरियाणा सरकार से धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू करने की मांग की है।

यह फैसला कुरुक्षेत्र ज़िले की पेहोवा अनाज मंडी में हुई राज्य-स्तरीय किसान महापंचायत में लिया गया।

आमतौर पर, राज्य में धान की खरीद की प्रक्रिया एक अक्टूबर से शुरू होती है। हालांकि, पिछले साल खरीद 22 सितंबर को शुरू हुई थी। 10 किसान संगठनों ने संयुक्त रूप से मांग की कि न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर धान की खरीद 15 सितंबर से शुरू हो। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर तब तक खरीद शुरू नहीं हुई, तो वे आगे की कार्रवाई तय करने के लिए एक और बैठक करेंगे।

लगभग तीन घंटे चली इस महापंचायत में सैकड़ों किसान शामिल हुए और उन्होंने किसानों तथा पशुपालकों से जुड़े नौ अहम मुद्दों को उठाया।

किसानों ने अपनी मांगों का ज्ञापन उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा को भी सौंपा।

अन्य मांगों के अलावा, किसानों ने कहा कि सरकार अभी 17 प्रतिशत तक नमी वाले धान की खरीद की अनुमति देती है। उन्होंने मौजूदा मौसम और फसल की स्थिति का हवाला देते हुए मांग की कि इस सीमा को बढ़ाकर 20 प्रतिशत किया जाए।

उन्होंने डीज़ल, खाद और कीटनाशकों की बढ़ती लागत को देखते हुए आने वाले पेराई सत्र के लिए गन्ने के दाम में संशोधन की भी मांग की। उन्होंने दूध के दाम बढ़ाने की भी मांग की।

किसानों ने प्रत्येक पांच किलोमीटर पर नए खरीद केंद्र और उप-मंडियां बनाने की मांग की। उनका कहना था कि फसल की आवक की मात्रा के हिसाब से मौजूदा मंडियां नाकाफ़ी हैं।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय