एफआईयू, आई4सी के बीच साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी सूचना साझा करने का समझौता
एफआईयू, आई4सी के बीच साइबर धोखाधड़ी से जुड़ी सूचना साझा करने का समझौता
नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) वित्तीय खुफिया इकाई-भारत (एफआईयू-इंडिया) और भारतीय साइबर उपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने बृहस्पतिवार को साइबर धोखाधड़ी और वित्तीय अपराधों से निपटने में मदद के लिए सूचना साझा करने के एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
वित्त मंत्रालय ने बयान में कहा कि इस समझौते का उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर धोखाधड़ी पहचान प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए सुझाव प्राप्त करने की मजबूत व्यवस्था विकसित करना है।
इसके साथ ही वित्तीय संस्थानों के लिए दिशा-निर्देश और ‘खतरे के निशान’ संकेतक तैयार एवं साझा किए जाएंगे, ताकि साइबर धोखाधड़ी की रोकथाम को सुदृढ़ किया जा सके।
यह समझौता अमित मोहन गोविल और राजेश कुमार के बीच हस्ताक्षरित हुआ। मंत्रालय ने कहा कि यह समझौता दोनों एजेंसियों के बीच सहयोगात्मक खुफिया जानकारी साझा करने के एक नए दौर की शुरुआत करेगा।
एफआईयू-इंडिया संदिग्ध वित्तीय लेनदेन से जुड़ी सूचनाओं के विश्लेषण और प्रसार से जुड़ी देश की केंद्रीय एजेंसी है। यह धनशोधन और आतंकवाद के वित्तपोषण के खिलाफ समन्वय करती है।
वहीं, आई4सी ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) और अन्य मंच विकसित किए हैं, जो कानून प्रवर्तन एजेंसियों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों के बीच तत्काल आधार पर सूचना साझा करने में मदद करते हैं।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय

Facebook


