फ्लेक्सी-कैप फंड योजनाओं में जनवरी-जुलाई के दौरान 49,915 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश
फ्लेक्सी-कैप फंड योजनाओं में जनवरी-जुलाई के दौरान 49,915 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश
नयी दिल्ली, दो सितंबर (भाषा) फ्लेक्सी-कैप म्यूचुअल फंड योजनाओं में इस साल के पहले सात माह (जनवरी-जुलाई, 2026) के दौरान 49,915 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ, जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले करीब 27 प्रतिशत अधिक है। यह दर्शाता है कि निवेशक ऐसी इक्विटी रणनीतियों को अधिक पसंद कर रहे हैं, जिनमें बाजार पूंजीकरण के अलग-अलग वर्गों में निवेश का विकल्प होता है।
फ्लेक्सी-कैप फंड में कोष प्रबंधकों को बड़ी, मझोली और छोटी कंपनियों में परिस्थितियों के अनुरूप निवेश करने की स्वतंत्रता होती है। वैश्विक ब्याज दरों में बदलाव, भू-राजनीतिक घटनाक्रम, कंपनियों के मुनाफे में अंतर और ऊंचे मूल्यांकन के बीच यह लचीलापन महत्वपूर्ण है।
‘एसोसिएशन ऑफ म्यूचुअल फंड्स इन इंडिया’ (एम्फी) के आंकड़ों के अनुसार, जुलाई 2026 में फ्लेक्सी-कैप फंड में निवेशक खातों की संख्या बढ़कर 2.44 करोड़ हो गई, जो जुलाई, 2025 में 1.94 करोड़ थी। इस तरह एक साल में ही करीब 50 लाख निवेशक खाते बढ़ गए।
इस श्रेणी की प्रबंधन-अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) भी जुलाई, 2026 में बढ़कर करीब छह लाख करोड़ रुपये हो गईं, जो एक साल पहले 4.94 लाख करोड़ रुपये थीं।
हालांकि, जुलाई में मासिक आधार पर निवेश प्रवाह थोड़ा कम हुआ। फ्लेक्सी-कैप योजनाओं में जुलाई के दौरान 4,709 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ, जबकि जून में यह 5,231 करोड़ रुपये था।
क्वांटम एएमसी के मुख्य निवेश अधिकारी (सीआईओ) चिराग मेहता ने पीटीआई-भाषा से कहा कि फ्लेक्सी-कैप श्रेणी में निवेशक खातों और परिसंपत्तियों, दोनों में मजबूत वृद्धि हुई है। जुलाई में कुल शुद्ध इक्विटी निवेश में इस श्रेणी की हिस्सेदारी 19 प्रतिशत और पिछले 12 महीनों में 27 प्रतिशत रही।
मेहता ने कहा कि बढ़ता निवेश सिर्फ बेहतर रिटर्न की तलाश को नहीं दर्शाता है। इससे पता चलता है कि निवेशक अब किसी एक बाजार पूंजीकरण वर्ग तक सीमित रहने के बजाय कोष प्रबंधक द्वारा निवेश आवंटन को प्राथमिकता दे रहे हैं।
जनवरी-जुलाई, 2025 में इस श्रेणी में 39,187 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश हुआ था। वहीं, जनवरी-मार्च तिमाही में 24,651 करोड़ रुपये और अप्रैल-जून तिमाही में 20,555 करोड़ रुपये का निवेश आया।
इस बीच, क्वांटम म्यूचुअल फंड ने क्वांटम फ्लेक्सी कैप फंड पेश किया है। इसका नया कोष प्रस्ताव (एनएफओ) 21 अगस्त को खुला और चार सितंबर को बंद होगा। योजना में 11 सितंबर से लगातार खरीद-बिक्री फिर शुरू होगी।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


