नई पिकअप ‘लाइफस्टाइलर’ के जरिये एमएंडएम का निर्यात बढ़ाने पर जोर

Ads

नई पिकअप ‘लाइफस्टाइलर’ के जरिये एमएंडएम का निर्यात बढ़ाने पर जोर

  •  
  • Publish Date - August 23, 2026 / 10:47 AM IST,
    Updated On - August 23, 2026 / 10:47 AM IST

नयी दिल्ली, 23 अगस्त (भाषा) घरेलू वाहन विनिर्माता कंपनी महिंद्रा एंड महिंद्रा (एमएंडएम) अपने नए पिकअप वाहन ‘स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर’ के जरिये वैश्विक बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। कंपनी के कार्यकारी निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी -वाहन एवं कृषि क्षेत्र राजेश जेजुरिकर ने कहा कि इस पिकअप को दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और लातिनी अमेरिका जैसे बाजारों में उतारने की योजना है।

कंपनी ने हाल ही में ‘महिंद्रा स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर’ का अनावरण किया है। यह वाहन भारत में अप्रैल, 2027 में बाजार में आएगा, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में इसे ‘महिंद्रा लाइफस्टाइलर’ नाम से पेश किया जाएगा।

जेजुरिकर ने कहा कि लाइफस्टाइलर को वैश्विक बाजारों को ध्यान में रखकर बनाया गया है और यह कंपनी की वैश्विक विकास रणनीति का अहम हिस्सा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया, पश्चिम एशिया और लातिनी अमेरिका के अलावा दक्षिण-पूर्व एशियाई (आसियान) बाजारों में भी इस वाहन के लिए संभावनाएं तलाशी जा सकती हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी फिलहाल इंडोनेशिया को छोड़कर आसियान क्षेत्र के अन्य बाजारों में मौजूद नहीं है। ऐसे में नए उत्पादों के साथ इन बाजारों में प्रवेश करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।

महिंद्रा की वित्त वर्ष 2025-26 के वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के वाहन कारोबार का निर्यात 41,030 इकाई पर पहुंच गया, जो इससे पिछले वित्त वर्ष के 34,709 वाहन के मुकाबले 18.2 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पश्चिम एशिया, अफ्रीका और दक्षिण अमेरिका जैसे बाजारों में अपने एसयूवी मॉडल निर्यात करती है।

जेजुरिकर के मुताबिक, लाइफस्टाइलर की भारत में भी अच्छी संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन से पांच वर्षों में ऐसे भारतीय ग्राहकों की संख्या बढ़ी है जो यात्रा, कैंपिंग और अन्य मनोरंजक गतिविधियों के लिए अपने साथ जरूरी सामान ले जाना पसंद करते हैं। ऐसे ग्राहकों के लिए लाइफस्टाइलर एक उपयोगी विकल्प साबित हो सकता है।

उन्होंने कहा कि कॉफी बागान के मालिक से लेकर दोस्तों और परिवार के साथ ‘कैंपिंग’ पर जाने वाले लोगों तक, इस तरह के वाहन के लिए नए ग्राहक वर्ग उभर रहे हैं।

महिंद्रा के इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार में भी तेज वृद्धि देखने को मिली है। जेजुरिकर ने बताया कि पिछले 16-17 महीनों में कंपनी की कुल एसयूवी बिक्री में इलेक्ट्रिक वाहनों की हिस्सेदारी लगभग शून्य से बढ़कर 12 प्रतिशत हो गई है। इस वृद्धि में बीई 6, एक्सईवी 9ई और एक्सईवी 9एस जैसे मॉडलों की अहम भूमिका रही है।

भाषा अजय अजय

अजय