फोर्टिस हेल्थकेयर का मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 44 प्रतिशत बढ़कर 271.2 करोड़ रुपये पर
फोर्टिस हेल्थकेयर का मार्च तिमाही में शुद्ध लाभ 44 प्रतिशत बढ़कर 271.2 करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 23 मई (भाषा) अस्पतालों की शृंखला संचालित करने वाली कंपनी फोर्टिस हेल्थकेयर का वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 44.23 प्रतिशत बढ़कर 271.19 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने 2024-25 की समान तिमाही में 188.02 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।
फोर्टिस हेल्थकेयर ने शुक्रवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में उसकी परिचालन आय 17.8 प्रतिशत बढ़कर 2,364.67 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 2,007.20 करोड़ रुपये थी।
समीक्षाधीन तिमाही में फोर्टिस हेल्थकेयर की अस्पताल कारोबार से आय 18.9 प्रतिशत बढ़कर 2,023.23 करोड़ रुपये हो गई।
इसके अलावा डायग्नोस्टिक्स कारोबार से राजस्व 11.13 प्रतिशत बढ़कर 387.26 करोड़ रुपये हो गया।
आलोच्य तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 17 प्रतिशत बढ़कर 2,038.59 करोड़ रुपये हो गया।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में फोर्टिस हेल्थकेयर का शुद्ध लाभ 31.5 प्रतिशत बढ़कर 1,064.19 करोड़ रुपये हो गया, जबकि उसकी कुल एकीकृत आय 17 प्रतिशत बढ़कर 9,178.5 करोड़ रुपये रही।
फोर्टिस हेल्थकेयर के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशुतोष रघुवंशी ने कहा, “जनवरी-मार्च तिमाही में कारोबार का प्रदर्शन स्थिर रहा, जिससे हम वित्त वर्ष का समापन मजबूत स्थिति में कर सके। हमारे कुल राजस्व में अस्पताल कारोबार की हिस्सेदारी अब 85 प्रतिशत है और इसका प्रदर्शन लगातार अच्छा बना हुआ है।”
भाषा योगेश प्रेम
प्रेम

Facebook


