फ्रैक्टल एनालिटिक्स का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 116 करोड़ रुपये
फ्रैक्टल एनालिटिक्स का चौथी तिमाही का शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 116 करोड़ रुपये
नयी दिल्ली, 12 मई (भाषा) कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी फ्रैक्टल एनालिटिक्स का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक होकर 116 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 55.5 करोड़ रुपये था।
फ्रैक्टल एनालिटिक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (समूह) श्रीकांत वेलामकन्नी ने कहा, ‘‘ इस वृद्धि का नेतृत्व स्वास्थ्य देखभाल और जीवन विज्ञान खंड ने किया, जिसमें चौथी तिमाही में 82 प्रतिशत और समूचे वर्ष में 66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। इसके बाद बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा खंड में पूरे वर्ष में 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।’’
समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 17 प्रतिशत बढ़कर 886 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 757.5 करोड़ रुपये थी।
अमेरिका क्षेत्र का कंपनी के कुल राजस्व में 68 प्रतिशत योगदान है। इस तिमाही के दौरान इसमें सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
यूरोप का योगदान कंपनी के कुल राजस्व में 18 प्रतिशत रहा और जनवरी-मार्च तिमाही में इसमें सालाना आधार पर 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
वेलामकन्नी ने कहा, ‘‘ हमने वर्ष का समापन 2,052 करोड़ रुपये की नकदी के साथ किया, जिसमें आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) से प्राप्त 957 करोड़ रुपये शामिल हैं। अप्रैल में हमने इस राशि का उपयोग अपने दीर्घकालिक ऋण को चुकाने में किया। अब फ्रैक्टल पूरी तरह कर्ज मुक्त है।’’
समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में फ्रैक्टल एनालिटिक्स का एकीकृत शुद्ध लाभ 30 प्रतिशत बढ़कर 287 करोड़ रुपये हो गया। 2024-25 में यह 221 करोड़ रुपये था।
वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की परिचालन आय 19 प्रतिशत बढ़कर 3,299.7 करोड़ रुपये हो गई जो 2024-25 में 2,765.4 करोड़ रुपये थी।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


