फ्यूजन क्लासरूम का आईपीओ 31 जुलाई को खुलेगा, मूल्य दायरा 151-159 रुपये प्रति शेयर
फ्यूजन क्लासरूम का आईपीओ 31 जुलाई को खुलेगा, मूल्य दायरा 151-159 रुपये प्रति शेयर
नयी दिल्ली, 23 जुलाई (भाषा) फ्यूजन क्लासरूम एजुटेक ने बृहस्पतिवार को अपने 39.04 करोड़ के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) के लिए 151-159 प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।
यह एसएमई आईपीओ 31 जुलाई को खुलकर चार अगस्त को बंद होगा। कंपनी ने एक बयान में कहा कि एंकर निवेशक 30 जुलाई को शेयरों के लिए बोली लगा सकेंगे।
आईपीओ में 19.89 लाख तक इक्विटी शेयरों का नया निर्गम और प्रवर्तकों व निवेशकों द्वारा 4.65 लाख तक शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) शामिल है।
नए निर्गम से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, प्रौद्योगिकी और एआई व एमएल मॉडल डेवलपमेंट, सर्वर और क्लाउड बुनियादी ढांचा, कंटेंट डेवलपमेंट और नए ऑफलाइन केंद्रों तथा एआई व एमएल लैब के लिए डेस्कटॉप और लैपटॉप खरीदने में किया जाएगा।
कंपनी इस कोष का इस्तेमाल विपणन पहल और सामान्य कंपनी कामकाज के लिए भी करेगी।
वर्ष 2016 में बनी फ्यूजन क्लासरूम एजुटेक लिमिटेड एक शिक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी है, जो देश भर में डिजिटल और हाइब्रिड लर्निंग मॉडल के जरिये पेशेवर और प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग देती है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


