जनरल मोटर्स के एसीडेल्को ब्रांड की भारतीय बाजार में वापसी, एश्योरेंसे इंटरनेशनल के साथ समझौता
जनरल मोटर्स के एसीडेल्को ब्रांड की भारतीय बाजार में वापसी, एश्योरेंसे इंटरनेशनल के साथ समझौता
नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) अमेरिकी वाहन विनिर्माता जनरल मोटर्स के वाहन रखरखाव उत्पादों के ब्रांड एसीडेल्को ने सोमवार को एश्योरेंस इंटरनेशनल लिमिटेड के साथ लाइसेंस समझौते के जरिये भारतीय बाजार में फिर से कदम रखा।
इस समझौते के तहत एश्योरेंस इंटरनेशनल भारत में एसीडेल्को की आधिकारिक लाइसेंसधारक होगी और चुनिंदा वाहन रखरखाव उत्पादों का विनिर्माण, विपणन और वितरण करेगी।
गुरुग्राम की कंपनी एश्योरेंस इंटरनेशनल लि. के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) मुकेश शर्मा ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हमने लुब्रिकेंट और बैटरी के लिए समझौता किया है जिसका विनिर्माण हिसार स्थित कारखाने में होगा।’’
उन्होंने कहा कि हिसार कारखाने में लुब्रिकेंट इकाई में कंपनी ने 180 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इसकी क्षमता एक लाख लीटर प्रतिदिन है। बैटरी विनिर्माण से जुड़ी इकाई में कंपनी अगले तीन साल में 300 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
एश्योरेंस इंटरनेशनल के मुख्य कारोबार एवं वृद्धि अधिकारी नीलेश गर्ग ने कहा, ‘‘शुरुआती चरण में कंपनी लुब्रिकेंट और बैटरी के कारोबार से शुरुआत करेगी और बाद में फिल्टर अन्य उत्पाद श्रेणियों में विस्तार करने की योजना है।’’
शेवरले सेल्स इंडिया प्राइवेट लि. (सीएसआईपीएल) के राष्ट्रीय प्रबंधक (नेटवर्क विकास) प्रतीक शर्मा ने कहा कि 2017 में जनरल मोटर्स के भारत से बाहर निकलने के बाद, 2020 में एसीडेल्को का परिचालन भारत में बंद कर दिया गया था।
उन्होंने एसीडेल्को के भारत में फिर से प्रवेश के बारे में कहा, “उसके बाद से हमने भारत में कोई बिक्री नहीं की है। पिछले साल, हमने जनरल मोटर्स, शेवरले सेल्स इंडिया प्राइवेट लि. और एश्योरेंस इंटरनेशनल लिमिटेड के बीच एक त्रिपक्षीय समझौता किया। इस तरह से एसीडेल्को का फिर से प्रवेश का रास्ता साफ हुआ ।”
एसीडेल्को के उत्पादों में लुब्रिकेंट, बैटरी, ब्रेक पैड और फिल्टर जैसे कई वाहन रखरखाव उत्पाद शामिल हैं।
भाषा
प्रेम रमण अजय
अजय

Facebook


